चेन्नई: IPL 2026 की गाड़ी ने अब रफ्तार पकड़ ली है. आज लीग का 37वां मुकाबला आईपीएल की सबसे सफल टीम चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच चेन्नई के एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम में दोपहर 03:30 बजे होना है. सीएसके अपना पिछला मुकाबला शानदार तरीके से जीत कर आ रही है. मुंबई इंडियंस के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के दम पर सीएसके इस मुकाबले में उतर रही है.
एकतरफा मुकाबले में CSK ने 103 रनों की बड़ी जीत हासिल की, जिससे उनका आत्मविश्वास और भी मजबूत हुआ. संजू सैमसन के शानदार शतक की बदौलत सीएसके ने इतना बड़ा स्कोर खड़ा किया. अब टीम उसी इरादे के साथ इस मुकाबले में भी उतरेगी. लेकिन फैंस के लिए सबसे बड़ा चर्चा का विषय सिर्फ यह मुकाबला ही नहीं है, बल्कि एमएस धोनी की वापसी भी है. जिसे लेकर अभी तक सस्पेंस बना हुआ है. अब इसी बीच धोनी के वापसी न करने के पीछे की बड़ी वजह सामने आ गई है.
इस मैच में चुन्नई सुपर किंग्स पूरे आत्मविश्वास के साथ उतरेगी. लेकिन फैंस को अपने चहेते खिलाड़ी और सीएसके के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की वापसी का बेसब्री से इंतजार है. अब सवाल यह है कि क्या धोनी इस मैच में वापसी करेंगे या नहीं.
तो आपकी जानकारी के लिए बता दें कि रिपोर्ट्स के अनुसार धोनी अब पूरी तरह से फिट हो चुके हैं. हालांकि इसके बाद भी उनकी वापसी की कोई तारीख तय नहीं है. उन्हें नेट्स पर प्रैक्टिस करते तो देखा गया है, लेकिन यह कह पाना की वह कब वापसी करेंगे मुश्किल है.
इसी बीच सीएसके के बल्लेबाजी कोच माइक हसी ने धोनी की स्थिति के बारे में जानकारी दी थी. उन्होंने कहा था, 'उनकी रिकवरी बहुत अच्छी चल रही है. वे जल्द से जल्द वापसी करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं. मुझे पता है कि सभी प्रशंसक धोनी को मैदान पर खेलते देखना चाहते हैं. हमें उम्मीद है, शायद आने वाले कुछ मैचों में वे खेल सकें. हम भी उन्हें जल्द से जल्द मैदान पर देखना चाहते हैं. लेकिन जाहिर है, उन्हें पूरी तरह से फिट होना होगा और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए तैयार रहना होगा.'
उन्होंने कहा, 'वह नेट में बहुत अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं, नेट में वह अच्छे दिख रहे हैं, बस उन्हें विकेटों के बीच तेजी से दौड़ने की जरूरत है.'
गौरतलब है कि पिछले कुछ हफ्तों से चोटिल चल रहे महेंद्र सिंह धोनी ने रिहैबिलिटेशन पूरा कर लिया है और फिटनेस टेस्ट भी पास कर लिया है, लेकिन प्लेइंग इलेवन में उनकी अनुपस्थिति पर सवाल उठ रहे हैं. हालांकि, यह किसी पुरानी चोट का मामला नहीं है.
कुछ सूत्रों के अनुसार धोनी मैच खेलने के लिए पूरी तरह फिट हैं, लेकिन उन्होंने जानबूझकर अपनी वापसी में देरी की है. इसके वजह बताई जा रही है कि वह उस कॉम्बिनेशन को डिस्टर्ब नहीं करना चाहते जो सीएसके के लिए अच्छा प्रदर्शन कर रहा है.