आईपीएल 2026 में शनिवार को अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच खेला गया मुकाबला एक खौफनाक हादसे का गवाह बना. मैच के दौरान कैच लपकने की कोशिश में दिल्ली के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी सिर के बल बुरी तरह गिर पड़े. चोट इतनी गंभीर थी कि मैदान पर ही एंबुलेंस बुलानी पड़ी. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की मुस्तैदी और ग्रीन कॉरिडोर के चलते महज 11 मिनट में एनगिडी को अस्पताल पहुंचा दिया गया, जिससे उनकी जान बच गयी.
Wishing Lungi Ngidi a speedy recovery.
— DR. PUTIN (FROM USSR) (@Putinspeakes45) April 25, 2026
🙏🏻@NgidiLungi @DelhiCapitals #Ipl pic.twitter.com/QKVLoHbVKE
यह डरावनी घटना पंजाब की पारी के दौरान घटी. बल्लेबाज प्रियांश आर्य के एक शॉट पर बाउंड्री लाइन पर तैनात लुंगी एनगिडी कैच लेने के लिए दौड़े. गेंद की दिशा भांपने में उनसे चूक हुई और संतुलन बिगड़ने के कारण वह पीछे की तरफ जोर से गिरे. उनके सिर का पिछला हिस्सा सीधे मैदान से जा टकराया. चोट लगते ही खिलाड़ी दर्द से तड़पने लगे. तुरंत मेडिकल स्टाफ मैदान पर पहुंचा. करीब 15 मिनट तक खेल रुका रहा और पूरे स्टेडियम में खामोशी छा गई.
Full marks to Delhi Traffic Police for creating a Green Corridor for seamless travel for the ambulance carrying Lungi Ngidi from Kotla to Max Hospital, Rajendra Nagar in just 11 minutes
— Vikrant Gupta (@vikrantgupta73) April 25, 2026
This was initiated by ACP Traffic Central District Sanjay Singh pic.twitter.com/ZRsZwdVzeZ
एनगिडी की गर्दन में नेक ब्रेस लगाकर उन्हें स्ट्रेचर के जरिए एंबुलेंस में शिफ्ट किया गया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसीपी ट्रैफिक संजय सिंह ने तुरंत कंट्रोल रूम से समन्वय किया और भारी ट्रैफिक के बावजूद एक ग्रीन कॉरिडोर तैयार कराया. इस शानदार तालमेल का नतीजा रहा कि एंबुलेंस राजेंद्र नगर स्थित बीएलके-मैक्स सुपर स्पेशलिटी अस्पताल महज 11 मिनट में पहुंच गई.
अस्पताल से आ रही शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिर और गर्दन में दर्द की शिकायत के बाद भर्ती हुए एनगिडी की हालत अब स्थिर है और खतरे से बाहर है. उन्हें जल्द ही डिस्चार्ज किए जाने की उम्मीद है. एनगिडी के बाहर जाने के बाद दिल्ली ने विपराज निगम को 'कनकशन सब्स्टीट्यूट' के तौर पर मैदान पर उतारा.