नई दिल्ली: चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) पर अब IPL 2026 से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है. CSK के लिए IPL 2026 का सीजन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा. टीम अब प्लेऑफ से बाहर होने की कगार पर है लेकिन उससे ज्यादा ज्यादा चर्चा एक खिलाड़ी को लेकर हो रही है वह खिलाड़ी कोई और नहीं बल्कि चेन्नई के पूर्व महेंद्र सिंह धोनी.
पूरे सीजन मैदान से दूर रहने के बावजूद धोनी लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं. अब जबकि सीएसके प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर है, फैंस के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या धोनी अगले सीजन में फिर पीली जर्सी में नजर आएंगे या नहीं. तो इसे लेकर अब टीम के कोच ने बयान जारी किया है, जिसमें उन्होंने धोनी के खेलने को लेकर बात की है.
सीएसके के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग से जब धोनी के अगले सीजन में खेलने को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने सीधा जवाब देने से बचते हुए कहा कि यह फैसला टीम प्रबंधन के हाथ में है. फ्लेमिंग ने माना कि भले ही धोनी मैदान पर नहीं उतरे, लेकिन ड्रेसिंग रूम में उनकी मौजूदगी टीम के लिए बेहद अहम रही.
उन्होंने कहा कि धोनी ने पूरे सीजन में युवा खिलाड़ियों को संभालने और टीम के माहौल को मजबूत बनाए रखने में बड़ी भूमिका निभाई. फ्लेमिंग के मुताबिक, अनुभव और नेतृत्व के मामले में धोनी का प्रभाव अब भी टीम के लिए बहुत मायने रखता है.
CSK इस सीजन में कई नए खिलाड़ियों को मौका देता नजर आया. फ्लेमिंग ने भी संकेत दिए कि फ्रेंचाइजी अब भविष्य की टीम तैयार करने पर ध्यान दे रही है. उन्होंने कहा कि कुछ युवा खिलाड़ी ऐसे हैं जो आने वाले सालों में सीएसके की पहचान बन सकते हैं.
हालांकि, टीम के खराब नतीजों के कारण लगातार सवाल उठ रहे हैं. लगातार निराशाजनक प्रदर्शन के चलते CSK के फैसलों और रणनीति पर भी बहस तेज हो गई है.
पूरे सीजन में धोनी की फिटनेस को लेकर अलग-अलग तरह की बातें सामने आती रहीं. टीम प्रबंधन ने कहा कि वह चोटिल हैं, जबकि कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि धोनी जानबूझकर युवा खिलाड़ियों को मौका देने के लिए खुद बाहर रहे. वह टीम कॉबिनेशन को बिगाड़ना नहीं चाहते थे जिस कारण उन्होंने यह फैसला लिया.
फिलहाल धोनी अगले सीजन में वापसी करेंगे या नहीं, इसका जवाब किसी के पास नहीं है. लेकिन इतना तय है कि जब तक आधिकारिक घोषणा नहीं होती, तब तक फैंस की नजरें सिर्फ ‘कैप्टन कूल’ पर ही टिकी रहेंगी.