वर्ल्ड टेस्ट चैंपियंशिप 205-27 (WTC 2025-27) के चक्र में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी का आयोजन 2027 में होना है. जिसके लिए शेड्यूल का आयोजन पहले ही हो चुका है. अब इस अहम सीरीज को लेकर कुछ अहम बाते सामने आ रही हैं. इस भारत दौरे की तैयारी में ऑस्ट्रेलिया ने बड़ा फैसला लिया है.
टीम के मुख्य कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने साफ किया है कि 2027 BGT से पहले कोई प्रैक्टिस मैच नहीं खेला जाएगा. ऑस्ट्रेलियाई टीम भारतीय पिचों और मौसम के अनुकूल खुद को ढालने के लिए एक विशेष प्रशिक्षण शिविर पर ध्यान देगी. बता दें ये पांच टेस्ट मैचों की यह सीरीज 21 जनवरी से 3 मार्च 2027 तक भारत में खेली जाएगी.
ऑस्ट्रेलिया के कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड का मानना है कि टीम के पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का पर्याप्त अनुभव है, इसलिए पारंपरिक अभ्यास मैच की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा कि टीम भारत पहुंचने से पहले परिस्थितियों को समझने और तैयारी करने के लिए अलग योजना बनाएगी. इससे खिलाड़ी सीधे टेस्ट सीरीज के माहौल के लिए तैयार हो सकेंगे.
ऑस्ट्रेलिया ने भारत में 2004-05 के बाद से कोई टेस्ट सीरीज नहीं जीती है. 2027 की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी इसलिए भी खास होगी क्योंकि करीब 57 साल बाद भारत में पांच टेस्ट मैचों की सीरीज आयोजित होगी. ऑस्ट्रेलिया इस बार बेहतर तैयारी के साथ उतरना चाहता है.
भारत दौरे की टीम का चयन न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज के बाद किया जाएगा. मैकडोनाल्ड ने संकेत दिया कि न्यूजीलैंड सीरीज खेलने वाली पूरी टीम का भारत जाना जरूरी नहीं है. कुछ खिलाड़ियों को भारतीय परिस्थितियों के हिसाब से अतिरिक्त तैयारी कराई जा सकती है.
ऑस्ट्रेलिया का मुख्य लक्ष्य ऐसा प्रशिक्षण केंद्र चुनना है, जहां भारत जैसी पिच, मौसम और वातावरण तैयार किया जा सके. इससे खिलाड़ियों को दौरे से पहले ही स्पिन, गर्मी और धीमी पिचों पर खेलने का अभ्यास मिल जाएगा. टीम पहले भी यूएई और बेंगलुरु में ऐसे शिविर आयोजित कर चुकी है.