menu-icon
India Daily

Asian Games 2026: कबड्डी में भारत की बेटियों का कमाल, ईरान को किया चारों खाने चित्त; लगातार तीसरी बार जीता गोल्ड

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने ईरान को 37-34 से हराकर लगातार तीसरा गोल्ड मेडल जीत लिया. पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच न हारते हुए टीम इंडिया ने यह ऐतिहासिक जीत दर्ज की.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
Asian Games 2026: कबड्डी में भारत की बेटियों का कमाल, ईरान को किया चारों खाने चित्त; लगातार तीसरी बार जीता गोल्ड
Courtesy: @WeAreTeamIndia

Asian Games 2026:  एशियन गेम्स 2026 में भारत को एक और गोल्ड मेडल मिला है, और इस बार यह कमाल भारत की बेटियों ने कर दिखाया है. महिला कबड्डी टीम ने फाइनल मुकाबले में ईरान को 37-34 के करीबी अंतर से हराकर लगातार तीसरा स्वर्ण पदक अपने नाम किया. पहले हाफ में 22-16 की बढ़त लेने के बाद ईरान ने जोरदार वापसी की कोशिश की, लेकिन भारतीय टीम ने अपना धैर्य बनाए रखा और आखिर में जीत हासिल कर ली.

संजू देवी की शानदार रेड ने पलटा मैच

फाइनल मुकाबले में एक समय स्कोर 27-26 तक पहुंच गया था, जिससे मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया था. लेकिन ठीक उसी वक्त संजू देवी ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए दमदार रेड लगाई, जिसने पूरे मैच का रुख भारत की तरफ मोड़ दिया. इसके बाद टीम इंडिया ने अपनी बढ़त बरकरार रखी और आखिरी सीटी बजने तक लीड नहीं जाने दी.

कोच के दावे को टीम ने कर दिखाया साबित

टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही भारतीय टीम को गोल्ड मेडल का प्रबल दावेदार माना जा रहा था. टीम की कोच ने पहले ही कहा था कि कबड्डी भारत का अपना खेल है और इसमें उन्हें कोई नहीं हरा सकता. अब गोल्ड मेडल जीतकर टीम इंडिया ने अपनी कोच के इस भरोसे को पूरी तरह सही साबित कर दिया है.

बिना कोई मैच हारे बनीं चैंपियन

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय टीम ने अपना पूरा सफर बिना कोई मैच हारे पूरा किया. टीम ने शुरुआत बांग्लादेश पर 42-21 की जीत से की, फिर ईरान को 37-23 से हराया और जापान पर 50-25 से जीत दर्ज कर ग्रुप ए में टॉप पर रही. सेमीफाइनल में नेपाल को 48-24 से रौंदने के बाद फाइनल में ईरान को दोबारा 37-34 से मात दी.

कबड्डी में भारत का दबदबा कायम

1990 में एशियाई खेलों में कबड्डी को शामिल किए जाने के बाद से भारतीय पुरुष टीम अब तक 9 पदक जीत चुकी है, जिनमें 8 स्वर्ण शामिल हैं. सिर्फ 2018 में भारत का जीत का यह सिलसिला टूटा था, जब टीम को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा था. अब महिला टीम की इस जीत ने कबड्डी में भारत के दबदबे को एक बार फिर मजबूती से साबित कर दिया है.