Asia Cup 2025: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन को हाल ही में BCCI ने यूएई में होने वाले पुरुष टी20 एशिया कप 2025 के लिए 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया है. संजू इस समय केरल क्रिकेट लीग (KCL) 2025 में कोच्चि ब्लू टाइगर्स की ओर से खेल रहे हैं.
हालांकि, एशिया कप शुरू होने से कुछ हफ्ते पहले संजू के अस्पताल में भर्ती होने की खबर ने फैंस की चिंता बढ़ा दी है. उनकी पत्नी चारूलता रमेश के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने इस चिंता को और हवा दे दी. ऐसे में फैंस को अब चिंता हो रही है कि क्या संजू सैमसन को चोट लग गई है.
गुरुवार 21 अगस्त को संजू सैमसन की पत्नी चारूलता रमेश ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक तस्वीर शेयर की, जिसमें संजू अस्पताल के बिस्तर पर लेटे नजर आए. उनके हाथ पर मेडिकल टेप लगा हुआ था. चारूलता ने पोस्ट में उस दोपहर के समय का जिक्र किया लेकिन संजू की चोट या स्वास्थ्य की स्थिति के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी. इस पोस्ट ने फैंस के बीच हलचल मचा दी. कई लोगों ने अनुमान लगाया कि संजू को KCL 2025 के दौरान कोई चोट लगी होगी.
हालांकि, बाद में संजू के करीबी सूत्रों ने खुलासा किया कि यह कोई गंभीर चोट नहीं थी. मायखेल की एक रिपोर्ट के अनुसार, संजू को बुखार की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्हें आराम के लिए कुछ समय के लिए भर्ती किया गया. फैंस के लिए राहत की बात यह रही कि संजू की स्थिति गंभीर नहीं थी.
अस्पताल में भर्ती होने के बावजूद, संजू सैमसन ने उसी शाम कोच्चि ब्लू टाइगर्स के लिए मैदान पर वापसी की. तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए KCL 2025 के दूसरे मैच में उनकी टीम ने त्रिवेंद्रम रॉयल्स के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया.
हालांकि, संजू को इस मैच में बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला, लेकिन उनके भाई सैली सैमसन ने 30 गेंदों में अर्धशतक जड़कर कोच्चि को 8 विकेट से शानदार जीत दिलाई. इस जीत में 8 ओवर से ज्यादा का समय बाकी था.