नई दिल्ली: अगर आपसे पूछा जाए कि दुनिया का सबसे महंगा गद्दा किस चीज से बनाया जाता है, तो शायद आपके दिमाग में सोना, चांदी या कोई बेहद महंगा कपडा आएगा. लेकिन स्वीडन की लग्जरी कंपनी हैस्टेंस के कुछ गद्दे अपनी खास प्राकृतिक सामग्री और कीमत के लिए दुनियाभर में चर्चा में रहते हैं. इनमें घोड़े की पूंछ के बालों का इस्तेमाल किया जाता है और कुछ मॉडल की कीमत करीब 7.3 करोड़ रुपये तक बताई जाती है.
यह गद्दा सामान्य फोम या रबर से तैयार नहीं होता. इसे बनाने में घोड़े की पूंछ के बालों के साथ कॉटन, ऊन और फ्लैक्स जैसी प्राकृतिक सामग्रियों का इस्तेमाल किया जाता है. गद्दे को हाथ से तैयार करने की प्रक्रिया भी काफी लंबी और मेहनत वाली होती है. यही वजह है कि इसकी कीमत आम गद्दों के मुकाबले कई गुना अधिक हो जाती है.
स्वीडन की हैस्टेंस कंपनी लग्जरी बेड और गद्दों के लिए जानी जाती है. कंपनी की स्थापना 1852 में पीटर एडॉल्फ जैनसन ने की थी. रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी अलग अलग तरह के करीब 13 गद्दे तैयार करती है. इनके निर्माण में प्राकृतिक सामग्री और हाथ से काम करने की प्रक्रिया को खास महत्व दिया जाता है.
कुछ खास गद्दों को तैयार करने में करीब 25 दिन तक का समय लग सकता है. कंपनी की निर्माण प्रक्रिया में मशीनों के साथ पारंपरिक कारीगरी का भी इस्तेमाल किया जाता है. गद्दे की हर परत को इस तरह तैयार किया जाता है कि वह मजबूती और आराम के बीच संतुलन बनाए रखे.
घोड़े की पूंछ के बाल इस गद्दे की सबसे खास सामग्री में से एक हैं. इन्हें गद्दे के अंदर इस तरह व्यवस्थित किया जाता है कि उनके बीच हवा के आने जाने के लिए जगह बनी रहे. इससे गद्दे के अंदर नमी जमा होने की संभावना कम करने में मदद मिलती है.
वहीं कॉटन का इस्तेमाल आराम और मजबूती के लिए किया जाता है. ऊन गद्दे को गर्माहट और मुलायम एहसास देने में मदद करती है. फ्लैक्स जैसी प्राकृतिक सामग्री भी इसकी बनावट में इस्तेमाल की जाती है. इस तरह गद्दे की अलग अलग परतें मिलकर इसे सामान्य फोम वाले गद्दों से अलग बनाती हैं.
कंपनी अपने कुछ गद्दों की लंबी उम्र और गुणवत्ता पर भी जोर देती है. रिपोर्ट्स में कुछ मॉडलों पर 25 साल तक की वारंटी का उल्लेख मिलता है. हालांकि इसकी कीमत इतनी अधिक है कि यह उत्पाद आम ग्राहकों की पहुंच से काफी दूर है.
हैस्टेंस के गद्दे सिर्फ आम लग्जरी बाजार तक सीमित नहीं हैं. रिपोर्ट्स में हॉलीवुड अभिनेता टॉम क्रूज और पॉप स्टार बियॉन्से जैसी हस्तियों के नाम भी इस ब्रांड से जोडे़ गए हैं. इसके अलावा दुनिया के कई अमीर ग्राहक और शाही परिवार भी इसके उत्पादों का इस्तेमाल करते हैं.
कंपनी आज 45 से ज्यादा देशों में कारोबार करती है. दुनिया के कई लग्जरी होटलों में भी हैस्टेंस के बेड और गद्दों का इस्तेमाल किया जाता है. हालांकि 7.3 करोड रुपये तक की बताई जाने वाली कीमत इसे दुनिया के सबसे खास और महंगे गद्दों में शामिल करती है यानी जिस गद्दे पर सोने का सपना ज्यादातर लोग देख सकते हैं, उसे खरीदने के लिए कई लोगों को पूरी जिंदगी की कमाई भी कम पड़ सकती है.