menu-icon
India Daily

श्रीकृष्ण से सीखें जीवन संभालने की कला, विपरीत हालात में भी कैसे बनाए रखें धैर्य और संतुलन

आज इंसान के पास सुविधाएं और संवाद के साधन पहले से ज्यादा हैं, लेकिन धैर्य और मानसिक संतुलन की कमी महसूस होती है. ऐसे समय में श्रीकृष्ण का जीवन सिखाता है कि मुश्किलों से बचना समाधान नहीं, बल्कि उनके बीच खुद को संभालकर आगे बढ़ना ही जीवन की असली कला है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
श्रीकृष्ण से सीखें जीवन संभालने की कला, विपरीत हालात में भी कैसे बनाए रखें धैर्य और संतुलन
Courtesy: Pinterest

आज देशभर में कृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार मनाया जा रहा है. इस दिन भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का हम जश्न मनाते हैं. लेकिन क्या आपको उनके जीवन के बारे में पता है. क्या आपको पता है कि उन्हें अपने जन्म से लेकर पूरे जीवन काल के दौरान कितनी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, फिर उन्होंने कभी भी अपने जीवन में हार नहीं मानी. 

श्रीकृष्ण का जन्म ही कारागार में हुआ और जन्म के तुरंत बाद उन्हें अपने माता-पिता से अलग होना पड़ा. वसुदेव उन्हें यमुना पार कर गोकुल ले गए, जहां यशोदा और नंद के स्नेह में उनका बचपन बीता. गोकुल में भी संकटों ने उनका पीछा नहीं छोड़ा. 

श्रीकृष्ण के जीवन से क्या सीखें?

कृष्ण के जन्म के तुरंत बाद ही उनके सामने पूतना से लेकर कालिया नाग तक कई चुनौतियां सामने आईं, लेकिन कृष्ण हर परिस्थिति के बीच सहज और प्रसन्न दिखाई दिए. उनका जीवन बताता है कि मुश्किलों का आना हमेशा हमारे हाथ में नहीं होता, लेकिन उन मुश्किलों का सामना कैसे करना है, यह हमारे नियंत्रण में जरूर है.

बदलाव से घबराए नहीं

कृष्ण ने एक समय गोकुल छोड़ दिया. जिस स्थान से उनका बचपन जुड़ा था, उसे पीछे छोड़ना आसान नहीं था. लेकिन समय की जरूरत को समझते हुए उन्होंने अपनी भूमिका बदली और आगे बढ़े. मथुरा पहुंचकर उन्होंने कंस का अंत किया और बाद में द्वारका की स्थापना की. उनके जीवन में लगातार नई जिम्मेदारियां आती रहीं. इससे सीख मिलती है कि जीवन में बदलाव हमेशा नुकसान नहीं होता. कई बार आगे बढ़ने के लिए पुराने दौर को पीछे छोड़ना जरूरी हो जाता है.

कर्म पर ध्यान, परिणाम की चिंता कम

कुरुक्षेत्र में अर्जुन के सामने भीषण दुविधा थी. अपने लोगों के सामने खड़े होकर युद्ध करने का विचार उन्हें विचलित कर रहा था. तब श्रीकृष्ण ने उन्हें कर्म और कर्तव्य का महत्व समझाया. भगवद्गीता का यह संदेश आज भी उतना ही महत्वपूर्ण है कि मनुष्य को अपना कर्म पूरी निष्ठा से करना चाहिए और परिणाम की चिंता में अपने कर्तव्य से पीछे नहीं हटना चाहिए. परिणाम हमारे नियंत्रण में पूरी तरह नहीं होता, लेकिन प्रयास हमारे हाथ में होता है.

पद नहीं, काम की निष्ठा बड़ी है

कृष्ण स्वयं शक्तिशाली होने के बावजूद युद्ध में शस्त्र उठाने के बजाय अर्जुन के सारथी बने. यह प्रसंग बताता है कि किसी काम की गरिमा उसके पद से नहीं, बल्कि उसके उद्देश्य और निष्ठा से तय होती है. उन्होंने अर्जुन के लिए युद्ध जीतने के बजाय उसे निर्णय लेने और अपना दायित्व निभाने के लिए सक्षम बनाया. यही आत्मनिर्भरता का महत्वपूर्ण संदेश है.

कठिन समय में खुद को संभालना ही असली जीत

कृष्ण के जीवन में वियोग, युद्ध, मृत्यु और अपनों को खोने जैसी परिस्थितियां भी आईं. इसके बावजूद उन्होंने संतुलन नहीं खोया. उनका जीवन आज के युवा को याद दिलाता है कि एक असफलता पूरी जिंदगी नहीं होती और एक खराब परिस्थिति किसी व्यक्ति की पूरी पहचान नहीं बन सकती.

श्रीकृष्ण का संदेश यही है कि जीवन से भागने के बजाय उसके बीच खड़े होकर परिस्थितियों को समझें, विवेक से निर्णय लें और अपने कर्म के रास्ते पर आगे बढ़ें. जीवन की सबसे बड़ी जीत मुश्किलों का खत्म हो जाना नहीं, बल्कि मुश्किलों के बीच खुद को संभाले रखना है.