नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक नया डेटिंग ट्रेंड तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे 777 रिलेशनशिप रूल कहा जा रहा है. इंस्टाग्राम और टिकटॉक जैसे प्लेटफॉर्म पर कई कपल्स इस नियम को अपनाने की बात कर रहे हैं. उनका मानना है कि यह आसान तरीका रिश्तों में प्यार, रोमांस और मजबूत भावनात्मक जुड़ाव बनाए रखने में मदद करता है.
आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में काम का दबाव, तनाव और व्यस्त दिनचर्या के कारण कपल्स अक्सर एक-दूसरे के लिए समय नहीं निकाल पाते. ऐसे में 777 रिलेशनशिप रूल एक रिमाइंडर की तरह सामने आया है, जो बताता है कि रिश्तों को मजबूत बनाए रखने के लिए नियमित रूप से क्वालिटी टाइम बिताना जरूरी है.
इस नियम के मुताबिक कपल्स को हर 7 दिन में एक डेट नाइट प्लान करनी चाहिए. इसका मतलब है कि हफ्ते में एक बार दोनों लोग अपने व्यस्त शेड्यूल से समय निकालकर साथ में डिनर, मूवी, लंबी ड्राइव या कोई पसंदीदा एक्टिविटी कर सकते हैं.
हर 7 हफ्ते में कपल्स को एक छोटा ट्रिप या वीकेंड गेटअवे प्लान करने की सलाह दी जाती है. इससे पार्टनर्स रोजमर्रा की भागदौड़ से दूर जाकर एक-दूसरे के साथ अच्छा समय बिता सकते हैं.
वहीं हर 7 महीने में एक लंबी छुट्टी या वेकेशन प्लान करने की बात कही जाती है. इससे कपल्स नए अनुभव हासिल करते हैं और साथ में यादगार पल बनाते हैं.
यह ट्रेंड इसलिए भी लोकप्रिय हो रहा है क्योंकि इसे याद रखना आसान है और इसे अपनाने के लिए किसी बड़ी योजना की जरूरत नहीं होती. कई लोग मानते हैं कि यह रिश्तों में नई ऊर्जा लाने का काम करता है.
रिलेशनशिप एक्सपर्ट्स का कहना है कि नियमित समय बिताने से बातचीत बेहतर होती है, भावनात्मक जुड़ाव मजबूत होता है और रिश्ते में बोरियत कम होती है. साथ ही कपल्स के बीच रोमांस भी बना रहता है.
हालांकि विशेषज्ञ यह भी कहते हैं कि किसी रिश्ते को सफल बनाने का कोई तय फॉर्मूला नहीं होता. हर कपल अलग होता है और उनकी जरूरतें भी अलग होती हैं. जरूरी यह है कि दोनों लोग एक-दूसरे को समय दें, ईमानदारी से बात करें और रिश्ते को महत्व दें. 777 रिलेशनशिप रूल फिलहाल सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और कई कपल्स इसे अपनाने की कोशिश कर रहे हैं.