नई दिल्ली: जीवन में कई बार इंसान के सामने ऐसी परिस्थितियां आती हैं, जब लगातार मिलने वाली असफलताएं उसके आत्मविश्वास को कमजोर कर देती हैं. धीरे-धीरे वह यह मान बैठता है कि अब सफलता उसके लिए संभव नहीं है. यही सोच आगे बढ़ने की सबसे बड़ी रुकावट बन जाती है. हाथी और रस्सी की यह प्रेरणादायक कहानी इसी मानसिक स्थिति को आसान तरीके से समझाती है. यह बताती है कि कई बार हमारी सबसे बड़ी कमजोरी हमारी ताकत नहीं, बल्कि हमारे मन में बैठी पुरानी धारणाएं होती हैं. यही वजह है कि अवसर मिलने के बाद भी कई लोग आगे बढ़ने का प्रयास नहीं करते.
कहानी के अनुसार एक व्यक्ति घूमते हुए हाथियों के झुंड के पास पहुंचा. उसने देखा कि विशालकाय हाथी केवल एक पतली रस्सी से बंधे हुए हैं. रस्सी इतनी कमजोर थी कि कोई भी हाथी आसानी से उसे तोड़ सकता था. फिर भी कोई हाथी वहां से निकलने की कोशिश नहीं कर रहा था. यह देखकर उस व्यक्ति ने प्रशिक्षक से इसकी वजह पूछी.
प्रशिक्षक ने बताया कि जब हाथी छोटे होते हैं, तब उन्हें इसी तरह की पतली रस्सी से बांधा जाता है. उस समय वे कई बार रस्सी तोड़ने की कोशिश करते हैं, लेकिन सफल नहीं हो पाते. लगातार असफल होने के बाद उनके मन में यह विश्वास बैठ जाता है कि रस्सी तोड़ना असंभव है. यही धारणा बड़े होने के बाद भी बनी रहती है.
समय के साथ हाथी शारीरिक रूप से बेहद शक्तिशाली हो जाता है. वह चाहें तो रस्सी ही नहीं, उससे बंधे पेड़ को भी उखाड़ सकता है. इसके बावजूद वह प्रयास नहीं करता, क्योंकि उसका मन पहले ही हार स्वीकार कर चुका होता है. उसकी सबसे बड़ी कैद रस्सी नहीं, बल्कि उसकी सोच बन जाती है.
कहानी के अनुसार मनुष्य भी कई बार इसी तरह व्यवहार करता है. लगातार मिलने वाली असफलताओं के बाद वह मान लेता है कि अब सफलता उसके लिए नहीं है. कुछ लोग अपनी किस्मत या परिस्थितियों को दोष देकर प्रयास करना छोड़ देते हैं. जबकि समय और हालात बदलने के बाद भी पुरानी सोच उन्हें आगे बढ़ने नहीं देती.
यह प्रेरक कहानी यही सिखाती है कि पुरानी विफलताओं को हमेशा के लिए अपनी पहचान नहीं बनाना चाहिए. परिस्थितियां बदल सकती हैं और व्यक्ति की क्षमता भी समय के साथ बढ़ती है. इसलिए केवल पुराने अनुभवों के आधार पर खुद को सीमित मान लेना सही नहीं है. कई बार सफलता और असफलता के बीच सबसे बड़ा अंतर हमारी सोच और दोबारा प्रयास करने की इच्छा ही होती है.