अयोध्या में निवेश को लेकर अमिताभ बच्चन एक बार फिर चर्चा में हैं. रियल एस्टेट कंपनी हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा के संस्थापक अभिनंदन लोढ़ा ने बताया कि अभिनेता ने खुद फोन कर अयोध्या में जमीन खरीदने की इच्छा जताई थी.
एक न्यूज चैनल के रियल एस्टेट समिट में बोलते हुए अभिनंदन लोढ़ा ने बताया कि वर्ष 2023 में वह ऑस्ट्रेलिया में थे. वहां तड़के करीब तीन बजे उनके फोन पर मिस्ड कॉल और एक संदेश मिला, जिसमें लिखा था कि यह अमिताभ बच्चन हैं और सुविधानुसार वापस कॉल करें. लोढ़ा ने तुरंत फोन मिलाया. उनके अनुसार, बातचीत के दौरान अमिताभ बच्चन ने कहा कि वह उत्तर प्रदेश से जुड़े हैं और अयोध्या में जमीन खरीदना चाहते हैं. इसके बाद दोनों के बीच जमीन के आकार और आगे की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा हुई.
लोढ़ा ने बताया कि बातचीत के दौरान अमिताभ बच्चन ने जमीन की कीमत भी पूछी. उन्होंने बताया कि करीब 15 हजार वर्ग फुट जमीन की अनुमानित कीमत लगभग 15 करोड़ रुपये होगी. लोढ़ा के मुताबिक, अभिनेता ने बिना किसी देरी के अगले ही दिन 15 करोड़ रुपये भेज दिए. उन्होंने कहा कि यह पूरा लेनदेन बेहद सहज और भरोसे के साथ हुआ. इस घटना का जिक्र करते हुए लोढ़ा ने कहा कि इतने बड़े निवेश में अमिताभ बच्चन की तत्परता और स्पष्ट निर्णय लेने की क्षमता उन्हें आज भी याद है.
अमिताभ बच्चन पिछले कुछ वर्षों में अयोध्या में लगातार निवेश बढ़ा रहे हैं. जनवरी 2024 में उन्होंने 'द सरयू परियोजना' में पहला प्लॉट खरीदा था. इसके बाद मार्च 2026 में उनकी कंपनी एबी कॉर्प लिमिटेड के माध्यम से करीब 35 करोड़ रुपये में 2.67 एकड़ जमीन का सौदा हुआ. यह अयोध्या में उनका तीसरा और कुल चौथा निवेश माना जा रहा है. अभिनंदन लोढ़ा का कहना है कि धार्मिक महत्व के साथ-साथ तेजी से विकसित हो रहे बुनियादी ढांचे ने अयोध्या को दीर्घकालिक निवेश के लिए आकर्षक बनाया है और इसी वजह से यहां जमीन की मांग लगातार बढ़ रही है.