आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में रोजाना 10,000 कदम चलना स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी माना जाता है. कई रिसर्च में पाया गया है कि यह आदत न सिर्फ वजन को कंट्रोल करती है बल्कि हार्ट हेल्थ को भी बेहतर करती है. इसके अलावा इससे मूड बेहतर होता है और ऊर्जा का स्तर भी बढ़ाता है.
रीत कौर के अनुसार, घर के अंदर ही 65 मिनट से भी कम समय में 10,000 कदम पूरे किए जा सकते हैं. इसके लिए औसतन हर मिनट करीब 160 कदम की गति बनाए रखनी होती है. इस गति को बनाए रखने के लिए उन्होंने एक घंटे का आसान इनडोर वर्कआउट प्लान भी बताया है, जो किसी भी उम्र के व्यक्ति के लिए सही है.
फिटनेस कोच द्वारा बताया गया यह प्लान न सिर्फ स्टेप काउंट बढ़ाता है बल्कि पूरे शरीर को अच्छा वर्कआउट भी करवाता है. सबसे सरल और प्रभावी तरीका एक ही जगह पर जॉगिंग करना है. इसके लिए सीधे खड़े होकर पैरों के बीच कूल्हे जितनी दूरी रखें, कोर को हल्का टाइट करें और घुटनों को जितना ऊंचा हो सके उठाते हुए मार्चिंग शुरू करें. धीरे-धीरे हल्की जॉगिंग में बदल दें. 5 से 10 मिनट तक लगातार एक लय बनाए रखें. शुरुआत में 5 मिनट से शुरू करें और स्टैमिना बढ़ने पर 10 मिनट तक ले जाएं. इससे लगभग 1,200 से 1,500 कदम आसानी से पूरे हो जाते हैं.
अगर जॉगिंग थकान भरी लगे तो 5 मिनट के लिए स्टेप-अप्स ट्राई कर सकते हैं. इसके लिए मजबूत स्टेप, छोटी सीढ़ी या स्थिर कुर्सी पर ऊपर-नीचे चढ़ें-उतरें. अपने सिर को सीधा रखें, कोर को एंगेज करें और दीवार या रेलिंग का सहारा न लें. नियंत्रित गति से यह व्यायाम न सिर्फ 600-800 कदम पूरे करता है बल्कि पैरों और ग्लूट्स की मांसपेशियों को भी मजबूत बनाता है.
इसके अलावा उन्होंने डांस, जुंबा, घर में ही सामान्य वॉकिंग, स्केटर जंप्स, मार्चिंग इंटरवल्स और कूल डाउन का पूरा प्लान बताया है. रीत कौर का यह प्लान उन लोगों के लिए खासतौर पर उपयोगी है जो घर पर रहकर वजन कम करना चाहते हैं या फिटनेस बनाए रखना चाहते हैं. बाहर निकलने की जरूरत नहीं, कोई महंगा जिम या उपकरण नहीं चाहिए.