Inspiring Journey: कहते हैं कि अगर इंसान के इरादे मजबूत हों तो मुश्किल से मुश्किल परिस्थितियां भी उसे मंजिल तक पहुंचने से नहीं रोक सकतीं. दिल्ली पुलिस की वर्दी पहनने वाली रितु प्रजापति की कहानी इसका शानदार उदाहरण है. कभी उनके पास 120 रुपये की किताब खरीदने तक के पैसे नहीं थे.
पैरों में दौड़ने के लिए जूते नहीं थे और पढ़ाई के लिए दूसरों की पुरानी किताबों का सहारा लेना पड़ता था. परिवार की आर्थिक तंगी, रिश्तेदारों के ताने और शादी का दबाव भी उनके हौसले को नहीं तोड़ सके. आखिरकार अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर रितु ने दिल्ली पुलिस कांस्टेबल बनकर अपना सपना पूरा किया.
रितु प्रजापति एक सामान्य परिवार से ताल्लुक रखती हैं. जोशटॉक के एक वीडियो में उन्होंने अपनी संघर्ष भरी जिंदगी के बारे में बताया. रितु का सपना आईआईटी में दाखिला लेकर इंजीनियर बनने का था. लेकिन पिता की नौकरी छूटने के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति बिगड़ गई. इसके बावजूद परिवार ने जमा-पूंजी और उधार लेकर उनकी पढ़ाई जारी रखी. हालांकि, आईआईटी में चयन नहीं हो सका. इसके बाद परिवार की परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने सरकारी नौकरी की तैयारी करने का फैसला किया.
सरकारी नौकरी की तैयारी के दौरान रितु के सामने सबसे बड़ी चुनौती आर्थिक तंगी थी. उनके पास 120 रुपये की किताब खरीदने तक के पैसे नहीं थे. ऐसे में उन्होंने हार मानने के बजाय दूसरों से पुरानी किताबें लेकर पढ़ाई शुरू की. इन किताबों के पन्नों पर पहले से ही नोट्स लिखे हुए थे. उन्होंने ऑनलाइन फ्री क्लासेस की मदद से अपनी तैयारी जारी रखी.
इस दौरान उन्होंने रेलवे तकनीशियन की परीक्षा भी पास की, लेकिन फाइनल मेरिट लिस्ट में जगह नहीं बना सकीं. इस असफलता के बाद भी उन्होंने तैयारी नहीं छोड़ी और नए लक्ष्य के साथ आगे बढ़ती रहीं.
रितु के लिए शारीरिक परीक्षा की तैयारी करना भी आसान नहीं था. RPF के फिजिकल टेस्ट में असफल होने के बाद उन्हें बड़ा झटका लगा. उनके पास न तो अच्छी डाइट के लिए पैसे थे और न ही दौड़ने के लिए अपने जूते. इस बीच रिश्तेदारों ने उनकी असफलता का मजाक उड़ाया और शादी करने का दबाव भी बनाया. लेकिन रितु ने अपने सपनों को प्राथमिकता दी और दिल्ली पुलिस कांस्टेबल भर्ती की तैयारी शुरू कर दी.
दिल्ली पुलिस में भर्ती होने के लिए रितु ने गांव में ही अपनी तैयारी शुरू कर दी. अभ्यास के लिए उन्होंने खुद फावड़ा चलाकर दौड़ने का ट्रैक तैयार किया. वह अंधेरी रातों में करीब 3 किलोमीटर पैदल चलकर प्रैक्टिस करने जाती थीं. उनके पास दौड़ने के लिए जूते भी नहीं थे, इसलिए उन्होंने अपनी सहेली से जूते उधार लिए और उन्हीं को पहनकर अभ्यास किया.
रितु के संघर्ष का सबसे मुश्किल दिन उनका फिजिकल टेस्ट था. उस दिन उन्हें तेज बुखार था, लेकिन उन्होंने मैदान में उतरने का फैसला किया. अंतिम दौड़ में उन्होंने अपनी पूरी ताकत लगा दी और 7 मिनट 19 सेकंड के समय के साथ दौड़ पूरी की. इसके बाद लंबी कूद और ऊंची कूद जैसी चुनौतियों को भी पार किया.
आखिरकार जब उनका नाम फाइनल मेरिट लिस्ट में आया तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा. जिस बेटी को कभी आर्थिक तंगी और असफलताओं के कारण ताने सुनने पड़ते थे, उसने दिल्ली पुलिस की वर्दी पहनकर अपने परिवार का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया.
रितु प्रजापति की कहानी बताती है कि सफलता पाने के लिए महंगे संसाधनों से ज्यादा जरूरी मेहनत, आत्मविश्वास और लगातार प्रयास करना है. जिनके पास कभी किताब खरीदने और जूते लेने के पैसे नहीं थे, उन्होंने अपनी मेहनत से अपनी तकदीर बदल दी. उनकी यह उपलब्धि उन युवाओं के लिए प्रेरणा है जो आर्थिक तंगी या सामाजिक दबाव के कारण अपने सपनों से समझौता करने की सोचते हैं.