संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए भर्ती का नया अवसर दिया है. आयोग ने मेडिकल, हेल्थ सर्विस और विज्ञान क्षेत्र से जुड़े कुल 13 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं. इस भर्ती के तहत डेंटल सर्जन, आयुर्वेद फिजिशियन, होम्योपैथिक फिजिशियन और साइंटिस्ट बी के पद भरे जाएंगे. इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
यूपीएससी की ओर से यह भर्ती विज्ञापन संख्या 13/2026 के तहत निकाली गई है. आवेदन प्रक्रिया 14 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है. उम्मीदवारों के पास आवेदन करने के लिए 4 दिसंबर 2026 को शाम 6 बजे तक का समय है. अलग-अलग विभागों में निकली इन भर्तियों के लिए शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा भी पद के अनुसार निर्धारित की गई है.
यूपीएससी का यह भर्ती अभियान केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों और संस्थानों के लिए आयोजित किया जा रहा है. इसमें स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद और भारतीय वनस्पति सर्वेक्षण शामिल हैं.
डेंटल सर्जन: 5 पद
साइंटिस्ट बी: 5 पद
आयुर्वेद फिजिशियन: 2 पद
होम्योपैथिक फिजिशियन: 1 पद
डेंटल सर्जन के सभी पांच पद स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अंतर्गत हैं. साइंटिस्ट बी के पांच पद भारतीय वनस्पति सर्वेक्षण में भरे जाएंगे. वहीं आयुर्वेद फिजिशियन के दो और होम्योपैथिक फिजिशियन का एक पद नई दिल्ली नगरपालिका परिषद के लिए निर्धारित है.
डेंटल सर्जन: इस पद के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से बैचलर ऑफ डेंटल सर्जरी (BDS) की डिग्री या इसके समकक्ष योग्यता होनी चाहिए. इसके साथ स्टेट डेंटल काउंसिल या संबंधित ट्रिब्यूनल में रजिस्ट्रेशन जरूरी है. उम्मीदवार के लिए अनिवार्य रोटेटिंग इंटर्नशिप पूरी करना भी आवश्यक है. फिलहाल इंटर्नशिप कर रहे उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं, लेकिन नियुक्ति से पहले इसे पूरा करना होगा. सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए अधिकतम आयु सीमा 35 वर्ष और एससी वर्ग के लिए 40 वर्ष निर्धारित की गई है.
साइंटिस्ट बी: इस पद पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से बॉटनी, हॉर्टिकल्चर या ऑर्गेनिक केमिस्ट्री में मास्टर डिग्री होनी चाहिए. सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए अधिकतम आयु 35 वर्ष, ओबीसी के लिए 38 वर्ष और एससी के लिए 40 वर्ष रखी गई है. दोबारा विज्ञापित साइंटिस्ट बी पदों के लिए आयु पात्रता की गणना 3 जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी.
आयुर्वेद फिजिशियन: उम्मीदवार के पास मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या राज्य बोर्ड से आयुर्वेद में डिग्री होनी चाहिए. इसके अलावा केंद्रीय या राज्य रजिस्टर फॉर इंडियन मेडिसिन में पंजीकरण अनिवार्य है. सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु सीमा 35 वर्ष निर्धारित की गई है. आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयु में छूट मिलेगी.
होम्योपैथिक फिजिशियन: इस पद के लिए मान्यता प्राप्त संस्थान से होम्योपैथी में डिग्री होना जरूरी है. उम्मीदवार का केंद्रीय या राज्य होम्योपैथी रजिस्टर में पंजीकरण भी होना चाहिए. ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु सीमा 35 वर्ष तय की गई है.
यूपीएससी की इस भर्ती में सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों को 25 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा. वहीं महिला उम्मीदवारों, एससी, एसटी और दिव्यांग (PwBD) उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से पूरी तरह छूट दी गई है.
आवेदन प्राप्त होने के बाद आयोग उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता और अन्य निर्धारित मानकों के आधार पर आवेदनों की जांच करेगा. इसके बाद योग्य उम्मीदवारों को अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा. आवेदन की संख्या और पदों की आवश्यकता को देखते हुए आयोग भर्ती परीक्षा आयोजित कर सकता है. इसके बाद इंटरव्यू भी लिया जा सकता है. इंटरव्यू की तारीख और अन्य जानकारी आयोग की ओर से अलग से जारी की जाएगी.
यूपीएससी भर्ती के लिए आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा. वहां अपना अकाउंट बनाकर यूनिवर्सल रजिस्ट्रेशन नंबर (URN) प्राप्त करना होगा. इसके बाद लॉगिन करके कॉमन एप्लीकेशन फॉर्म में मांगी गई जानकारी भरनी होगी.
अगले चरण में संबंधित पद के लिए भर्ती आवेदन का चयन करना होगा. उम्मीदवारों को अपनी शैक्षणिक योग्यता से जुड़े प्रमाण पत्र, फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करने होंगे. इसके बाद निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा. अंत में फॉर्म में भरी गई सभी जानकारियों को अच्छी तरह जांचकर सबमिट कर दें. आवेदन करने से पहले उम्मीदवार आधिकारिक नोटिफिकेशन में अपने पद की योग्यता, आयु सीमा और अन्य शर्तों की जांच जरूर कर लें.