आज के समय में करियर के लिए इंजीनियरिंग की कई ऐसी ब्रांच हैं, जिनमें छात्र बेहतर भविष्य बना सकते हैं. इन्हीं में से एक है एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग. अगर आपको हवाई जहाज, हेलिकॉप्टर और विमान बनाने की तकनीक में रुचि है, तो यह क्षेत्र आपके लिए अच्छा करियर विकल्प हो सकता है. एयरोनॉटिकल इंजीनियर विमान के डिजाइन, निर्माण, परीक्षण और रखरखाव से जुड़े काम करते हैं.
इसके अलावा विमान के इंजन, उड़ान की क्षमता और सुरक्षा से संबंधित तकनीकों पर भी काम करते हैं. खास बात यह है कि छात्र 12वीं के बाद इस क्षेत्र में प्रवेश कर सकते हैं. आइए जानते हैं कि एयरोनॉटिकल इंजीनियर बनने के लिए क्या योग्यता होनी चाहिए, किन कॉलेजों में एडमिशन मिलता है और इसकी तैयारी कैसे करें.
एयरोनॉटिकल इंजीनियर बनने के लिए सबसे पहले छात्र को 12वीं कक्षा फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ्स यानी PCM विषयों के साथ पास करनी होती है. इसके बाद छात्र एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग या एयरोस्पेस इंजीनियरिंग में बीटेक या बीई की डिग्री ले सकते हैं. यह कोर्स सामान्य तौर पर चार साल का होता है.
इस दौरान छात्रों को विमान की बनावट, एयरोडायनामिक्स, विमान के इंजन, उड़ान के सिद्धांत, मटेरियल साइंस और सुरक्षा तकनीक के बारे में पढ़ाया जाता है. कोर्स पूरा करने के बाद छात्र विमान निर्माण कंपनियों, रिसर्च संस्थानों, एविएशन सेक्टर और एयरोस्पेस इंडस्ट्री में नौकरी के अवसर तलाश सकते हैं.
एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग में दाखिले के लिए छात्रों को संबंधित कॉलेज की प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होती है. कई संस्थानों में जेईई मेन और जेईई एडवांस्ड के स्कोर के आधार पर एडमिशन मिलता है. वहीं कुछ निजी विश्वविद्यालय अपनी अलग प्रवेश परीक्षा या मेरिट के आधार पर भी दाखिला देते हैं.
IIT जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संबंधित बीटेक प्रोग्राम में प्रवेश के लिए जेईई एडवांस्ड की योग्यता जरूरी होती है. इसके लिए पहले जेईई मेन परीक्षा पास करके एडवांस्ड में शामिल होने की पात्रता हासिल करनी होती है. हालांकि, हर कॉलेज में कोर्स और एडमिशन की शर्तें अलग हो सकती हैं. इसलिए आवेदन करने से पहले संबंधित संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट पर पात्रता और प्रवेश प्रक्रिया जरूर जांच लें.
भारत में कई सरकारी और निजी संस्थान एयरोनॉटिकल और एयरोस्पेस इंजीनियरिंग से जुड़े कोर्स उपलब्ध कराते हैं. इनमें कुछ प्रमुख संस्थान शामिल हैं.
इन संस्थानों में उपलब्ध कोर्स, सीटों और प्रवेश परीक्षाओं की शर्तें अलग-अलग हो सकती हैं. इसलिए कॉलेज का चुनाव करते समय उसके कोर्स स्ट्रक्चर, फीस, प्लेसमेंट और लैब सुविधाओं की जानकारी लेना जरूरी है.
अगर आप 12वीं के बाद इस क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं, तो इसकी तैयारी 11वीं कक्षा से ही शुरू कर देनी चाहिए. सबसे पहले फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ्स के बेसिक कॉन्सेप्ट मजबूत करें. खासकर फिजिक्स और मैथ्स पर अधिक ध्यान देना जरूरी है, क्योंकि इंजीनियरिंग की प्रवेश परीक्षाओं में इन विषयों की अहम भूमिका होती है.
जेईई की तैयारी कर रहे छात्र NCERT की किताबों से पढ़ाई शुरू कर सकते हैं. इसके साथ पिछले वर्षों के प्रश्नपत्र हल करें और नियमित रूप से मॉक टेस्ट दें. इससे परीक्षा के पैटर्न को समझने और निर्धारित समय में सवाल हल करने की क्षमता विकसित होगी. इसके अलावा कंप्यूटर आधारित डिजाइन सॉफ्टवेयर, बेसिक कोडिंग और तकनीकी प्रोजेक्ट पर काम करना भी फायदेमंद हो सकता है. कॉलेज के दौरान इंटर्नशिप और प्रैक्टिकल प्रोजेक्ट के जरिए इस क्षेत्र का अनुभव हासिल करने की कोशिश करें.
एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद छात्रों के लिए एविएशन और एयरोस्पेस सेक्टर में कई करियर विकल्प खुलते हैं. वे विमान डिजाइन इंजीनियर, एयरोडायनामिक्स इंजीनियर, एयरक्राफ्ट स्ट्रक्चर इंजीनियर, प्रोपल्शन इंजीनियर और रिसर्च इंजीनियर जैसे पदों पर काम कर सकते हैं.