नई दिल्ली: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तेजी से हमारी जिंदगी और काम करने के तरीकों को बदल रहा है. जहां AI ने कई काम आसान औरतेज कर दिए हैं, वहीं अब लोगों की नौकरियों पर भी इसका असर दिखाई देने लगा है. एक रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2030 तक दुनियाभर में AI की वजह से करीब 89 लाख नौकरियां खत्म हो सकती हैं. हालांकि, इसी दौरान 1.6 करोड़ नई नौकरियां पैदा होने की भी उम्मीद है. सबसे ज्यादा बदलाव टेक्नोलॉजी, मैन्युफैक्चरिंग और सरकारी सेक्टर में देखने को मिल सकता है.
बिजनेस और टेक्नोलॉजी रिसर्च कंपनी गार्टनर की रिपोर्ट के अनुसार, AI के बढ़ते इस्तेमाल से कंपनियों में भर्ती की प्रक्रिया बदल रही है. कई कंपनियां नए कर्मचारियों को रखने के बजाय AI की मदद से काम पूरा करने की योजना बना रही हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, 2026 में कंपनियों ने करीब 13 लाख पदों पर भर्ती और नए पदों के निर्माण को टाल दिया, जबकि लगभग 22 लाख नौकरियां खत्म हुईं.
अनुमान है कि 2030 तक करीब 50 लाख लोगों की भर्ती में देरी हो सकती है. वहीं, Layoffs.fyi के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 4 साल 11 महीनों में टेक्नोलॉजी कंपनियों में 8,50,628 लोगों की नौकरियां जा चुकी हैं. साल 2024 में सबसे ज्यादा 2,65,660 कर्मचारियों की छंटनी हुई.
रिपोर्ट में केवल नौकरियां खत्म होने की बात नहीं कही गई है. इसके मुताबिक, 2030 तक AI के कारण करीब 1.6 करोड़ नए रोजगार के अवसर भी पैदा हो सकते हैं. गार्टनर की एनालिस्ट हेलेन पोइटविन के अनुसार, AI को अपनाने वाली कंपनियां इसे केवल कर्मचारियों की जगह इस्तेमाल नहीं कर रही हैं, बल्कि काम करने के नए तरीके विकसित करने में भी इसका उपयोग कर रही हैं.
टेक्नोलॉजी सेक्टर: इस क्षेत्र में करीब 70 फीसदी कर्मचारियों के काम पर AI का सीधा असर पड़ सकता है. हालांकि, यहां 19 लाख नई नौकरियां बनने और 4 लाख नौकरियां खत्म होने का अनुमान है.
मैन्युफैक्चरिंग और एनर्जी सेक्टर: इस क्षेत्र में करीब 60 लाख पुरानी नौकरियां खत्म होने का अनुमान है. वहीं, 64 लाख नई नौकरियां पैदा हो सकती हैं. यानी नए रोजगार के अवसर भी तेजी से बढ़ेंगे.
सरकारी सेक्टर: रिपोर्ट के अनुसार, सरकारी क्षेत्र में नौकरियों का नुकसान ज्यादा हो सकता है. यहां करीब 9 लाख नौकरियां खत्म होने और केवल 4 लाख नए रोजगार बनने का अनुमान है.
रिपोर्ट के मुताबिक, दुनियाभर में करीब 43.55 करोड़ कर्मचारियों को बदलती तकनीक और काम की जरूरतों के अनुसार खुद को तैयार करना होगा. ऐसे में कर्मचारियों के लिए AI टूल्स, डाटा एनालिसिस, डिजिटल स्किल्स और नई तकनीकों को सीखना जरूरी हो सकता है. आने वाले समय में केवल डिग्री के बजाय नई तकनीक के साथ काम करने की क्षमता भी करियर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.