अक्सर कहा जाता है कि सरकारी स्कूलों में पढ़ाई नहीं होती. इसलिए लोग मोटी फीस भरकर अपने बच्चों को प्राइवेट स्कूलों में पढ़ाते हैं ताकि उनकी जिंदगी बन सके. यह बात काफी हद तक सही है लेकिन ऐसा भी नहीं है कि सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले लोग जीवन में सफल नहीं होते. हरियाणा के महेंद्रगढ़ की रहने वाली शीतल यादव इसका ताजा उदाहरण हैं. सरकारी स्कूल में पढ़कर उन्होंने हरियाणा लोक सेवा आयोग(HPSC) की परीक्षा पास की और अब वह एसडीएम के पद पर तैनात हैं. उनकी सफलता उन युवाओं के लिए प्रेरणादायी है जो ये समझते हैं कि सफलता पाने के लिए महंगे कॉन्वेंट स्कूलों में पढ़ना जरूरी है.
एसडीएम बनने के बाद जब पूरा गांव शीतल यादव के स्वागत में उमड़ा तो उनकी आंखें नम हो गईं, गला रुंध गया और परिजनों की आंखों से खुशी के आंसू निकल पड़े. शीतल के स्वागत का वीडियो इंटरनेट पर जमकर वायरल हो रहा है.
शीतल हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले की कनीना तहसील के गांव कोटिया की रहने वाली हैं. उन्होंने हरियाणा लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा 2025 में पूरे प्रदेश में 26वीं रैंक हासिल करते हुए एसडीएम का पद हासिल किया है. वह इस परीक्षा को पास करने वाली अपने गांव की पहली महिला हैं.
आज शीतल के पिता हरिपाल यादव और मां सुमरत देवी अपनी बेटी के नाम से जाने जाते हैं. उनके माता-पिता दोनों सरकारी टीचर हैं. शीतल ने अपनी प्राथमिक शिक्षा गांव गहरा के सरकारी स्कूल से प्राप्त की. माता-पिता का तबादला होने के चलते उन्होंने आगे की पढ़ाई पंचकुला और चंडीगढ़ से की. इसके बाद पंजाब यूनिवर्सिटी से राजनीतिक शास्त्र में एमए किया. शीतल शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रहीं. स्नातक की पढ़ाई के दौरान उन्होंने यूनिवर्सिटी में दूसरा स्थान हासिल किया था.
शीतल के स्वर्गीय दादा दयाराम हमेशा बच्चों की शिक्षा पर जोर देते थे. वे अक्सर अपनी पोती से कहते थे कि खूब पढ़-लिखकर बड़ी अधिकारी बनना. आज शीतल ने एसडीएम बनकर अपने दादा का सपना पूरा किया है. शीतल ने 2025 में यूपीएससी की परीक्षा भी दी थी. वह इंटरव्यू तक पहुंचीं लेकिन अंतिम सूची में जगह नहीं बना पाईं थीं.