menu-icon
India Daily

जल्दी करें... 13706 पदों पर बंपर भर्ती, IBPS RRB के लिए कल बंद हो जाएगी आवेदन विंडो

IBPS RRB 2026 भर्ती के लिए आवेदन की आखिरी तारीख 21 सितंबर 2026 है. इस भर्ती के जरिए ऑफिस असिस्टेंट और ऑफिसर्स कैडर के कुल 13706 पदों पर नियुक्तियां होनी हैं.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
जल्दी करें... 13706 पदों पर बंपर भर्ती, IBPS RRB के लिए कल बंद हो जाएगी आवेदन विंडो
Courtesy: Pinterest

अगर आप बैंकिंग सेक्टर में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं, तो आपके लिए जरूरी खबर है. इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सनेल सिलेक्शन यानी IBPS की रीजनल रूरल बैंक भर्ती 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया अब आखिरी चरण में पहुंच चुकी है. इस भर्ती के लिए रजिस्ट्रेशन विंडो 21 सितंबर 2026 को बंद हो जाएगी. ऐसे में जिन उम्मीदवारों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, उन्हें तय समय सीमा के भीतर अपना फॉर्म जमा करना होगा.

IBPS RRB 2026 भर्ती के तहत देशभर के 28 ग्रामीण बैंकों में कुल 13706 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं. भर्ती में ऑफिस असिस्टेंट यानी मल्टीपर्पज और ऑफिसर्स कैडर के पद शामिल हैं. उम्मीदवार अपनी योग्यता के अनुसार इन पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं.

ऑफिसर्स कैडर में कौन-कौन से पद हैं शामिल?

ऑफिसर्स कैडर में स्केल-I, स्केल-II और स्केल-III के पद शामिल हैं. उम्मीदवार ऑफिस असिस्टेंट के साथ ऑफिसर पद के लिए भी आवेदन कर सकते हैं. हालांकि, ऑफिसर्स कैडर में एक उम्मीदवार केवल एक ही स्केल के लिए आवेदन कर सकता है. एक से अधिक ऑफिसर पद के लिए किया गया आवेदन रद्द किया जा सकता है.

कितनी है आवेदन फीस?

आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को अपनी कैटेगरी के अनुसार फीस जमा करनी होगी. एससी, एसटी और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 175 रुपये निर्धारित किया गया है. वहीं जनरल, ओबीसी और अन्य कैटेगरी के उम्मीदवारों को 850 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा. फीस का भुगतान ऑनलाइन नेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड या डेबिट कार्ड के जरिए किया जा सकता है.

इन दस्तावेजों की पड़ेगी जरूरत

फॉर्म भरने से पहले उम्मीदवारों को जरूरी दस्तावेज तैयार रखने चाहिए. आवेदन के दौरान पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर, बाएं हाथ के अंगूठे का निशान और हाथ से लिखा हुआ डिक्लेरेशन अपलोड करना होगा. इसके अलावा 10वीं की मार्कशीट या इसके बराबर का प्रमाणपत्र भी मांगा गया है.

ऐसे करें IBPS RRB 2026 के लिए आवेदन

सबसे पहले IBPS की आधिकारिक वेबसाइट ibps.in पर जाएं. इसके बाद होमपेज पर दिए गए Common Recruitment Process सेक्शन में जाकर CRP RRB विकल्प चुनें. ऑफिसर पद के लिए संबंधित Officers Scale-I, II & III भर्ती लिंक और ऑफिस असिस्टेंट के लिए Office Assistants Multipurpose भर्ती लिंक पर क्लिक करें.

अब अपनी जरूरी जानकारी दर्ज करके रजिस्ट्रेशन पूरा करें. रजिस्ट्रेशन के बाद मिले नंबर और पासवर्ड की मदद से लॉगिन करें. इसके बाद आवेदन फॉर्म में नाम, पता, शैक्षणिक योग्यता और अन्य जरूरी जानकारी भरें. मांगे गए दस्तावेज अपलोड करने के बाद अपनी कैटेगरी के अनुसार आवेदन शुल्क जमा करें और फॉर्म को अंतिम रूप से सबमिट कर दें.

फॉर्म सबमिट करने से पहले करें जांच

आवेदन फाइनल सबमिट करने से पहले फॉर्म में दर्ज सभी जानकारियों को अच्छी तरह जांच लें. नाम, जन्मतिथि, शैक्षणिक योग्यता और अन्य विवरण में गलती होने पर समस्या हो सकती है. फॉर्म जमा करने के बाद उसमें बदलाव का मौका नहीं मिलने की स्थिति में उम्मीदवारों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए. सफल रजिस्ट्रेशन के बाद उम्मीदवार 5 अक्टूबर 2026 तक अपना कंफर्मेशन पेज डाउनलोड कर सकेंगे.