menu-icon
India Daily

SBI Recruitment 2026: एसबीआई में बंपर भर्ती, 821 पदों पर रिटायर्ड बैंक कर्मचारी करें अप्लाई; जानें वेतन

एसबीआई में सेवानिवृत्त अधिकारियों के लिए संविदा आधार पर नौकरी पाने का मौका है. एसबीआई 821 समवर्ती लेखा परीक्षकों की भर्ती कर रहा है.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
SBI Recruitment 2026: एसबीआई में बंपर भर्ती, 821 पदों पर रिटायर्ड बैंक कर्मचारी करें अप्लाई; जानें वेतन
Courtesy: Pinterest

SBI Recruitment 2026: भारतीय स्टेट बैंक में नौकरी के इच्छुक सेवानिवृत्त अधिकारियों के लिए नौकरी का एक बड़ा अवसर सामने आया है. बैंक ने  समवर्ती लेखा परीक्षक  (Concurrent Auditor) के कुल 821 पदों पर संविदा आधार पर भर्ती निकाली है. इस भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 11 जून 2026 है, इसलिए पात्र उम्मीदवारों के पास अब केवल कल तक का समय बचा है.

कौन कर सकता है आवेदन?

इस भर्ती में केवल भारतीय स्टेट बैंक के सेवानिवृत्त अधिकारी ही आवेदन कर सकते हैं. पात्रता की प्रमुख शर्तें इस प्रकार हैं;

  • अधिकारी को 60 वर्ष की आयु पर नियमित सेवानिवृत्ति के आधार पर रिटायर हुआ होना चाहिए
  • ऋण, अंकेक्षण या विदेशी मुद्रा कार्यों का अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी
  • स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति, इस्तीफा या निलंबन से सेवा छोड़ने वाले सामान्यतः अपात्र माने जाएंगे
  • कुछ विशेष परिस्थितियों में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने वाले 60 वर्ष पूर्ण करने के बाद आवेदन कर सकते हैं

चयन प्रक्रिया कैसी होगी?

उम्मीदवारों का चयन दो चरणों में किया जाएगा. पहले आवेदन पत्रों की जांच कर बैंक की समिति उम्मीदवारों को साक्षात्कार के लिए बुलाएगी. साक्षात्कार कुल 100 अंकों का होगा और अंतिम योग्यता सूची केवल उसी के आधार पर तैयार होगी. यदि दो उम्मीदवारों के समान अंक हों, तो अधिक आयु वाले को प्राथमिकता दी जाएगी.

कितना मिलेगा वेतन?

चयनित उम्मीदवारों को उनके पूर्व पद के अनुसार मासिक मानदेय दिया जाएगा;

  • MMGS III - 45,000 रुपये प्रतिमाह
  • SMGS IV - 50,000 रुपये प्रतिमाह
  • SMGS V - 65,000 रुपये प्रतिमाह
  • TEGS VI - 80,000 रुपये प्रतिमाह

इसके अलावा विशेष अंकेक्षण कार्य जैसे मुद्रा भंडार सत्यापन या विदेशी मुद्रा लेनदेन जाँच के लिए प्रति शाखा प्रति भ्रमण 2,000 रुपये अतिरिक्त मानदेय भी मिलेगा.

इन बातों का रखें ध्यान

यह मानदेय पेंशन से बिल्कुल अलग होगा और दोनों एक साथ मिलते रहेंगे. हालांकि बैंक की ओर से आवास, फर्नीचर या अन्य भत्ते नहीं दिए जाएंगे. भविष्य निधि या सेवा संबंधी अन्य लाभ भी इस संविदा नियुक्ति में लागू नहीं होंगे. आयकर नियमों के अनुसार स्रोत पर कर की कटौती की जाएगी.

आवेदन कैसे करें?

इच्छुक उम्मीदवार भारतीय स्टेट बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर भर्ती से संबंधित लिंक के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन जमा करने से पहले अधिसूचना को ध्यान से पढ़ लेना अनिवार्य है. अंतिम तिथि बीत जाने के बाद किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा.