नई दिल्ली: सीमा सुरक्षा बल (BSF) में नौकरी पाने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए यह एक सुनहरा अवसर है. बीएसएफ ने कांस्टेबल (जनरल ड्यूटी) के पदों पर स्पोर्ट्स कोटा के तहत भर्ती प्रक्रिया शुरू की है. आवेदन करने के इच्छुक उम्मीदवार 4 नवंबर से पहले-पहले ही आवेदन कर सकते हैं. इसके बाद किए गए सभी आवेदन अमान्य माने जाएंगे.
इस भर्ती अभियान के माध्यम से कुल 391 रिक्त पदों पर उम्मीदवारों की नियुक्ति की जाएगी. यह भर्ती अस्थायी आधार पर की जा रही है, लेकिन आगे चलकर इसे स्थायी रूप में परिवर्तित किए जाने की संभावना भी है. यह अवसर खासतौर पर प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए है जिन्होंने राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किसी प्रतियोगिता में भाग लिया हो या पदक जीता हो. ऐसे उम्मीदवार जो खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं, वे इस भर्ती के लिए पात्र हैं.
उम्मीदवार को किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं कक्षा (मैट्रिक) या इसके समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है. साथ ही उम्मीदवार के पास BSF द्वारा तय की गई खेल संबंधी योग्यताएं भी होनी चाहिए.
आवेदक की आयु सीमा 18 से 23 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है. हालांकि, सरकारी नियमों के अनुसार अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के उम्मीदवार के लिए ऊपरी आयु सीमा पात्रता अलग रहेगी.
यह भर्ती उन युवाओं के लिए शानदार अवसर है जो खेलों में अच्छा प्रदर्शन कर चुके हैं और देश की सेवा करने की इच्छा रखते हैं. इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे BSF की वेबसाइट पर जाकर आधिकारिक अधिसूचना ध्यानपूर्वक पढ़ें और अंतिम तिथि से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी करें.