menu-icon
India Daily

आखिर कौन है ये महिला? जिनके पति की रिहाई के लिए ट्रंप जिनपिंग से करेंगे बात

युफांग रोंग अमेरिकी भूकंप वैज्ञानिक यूलिन चेन की पत्नी हैं, जो नवंबर 2024 से चीन में हिरासत में हैं. चेन उत्तर कोरिया के भूमिगत परमाणु परीक्षणों का पता लगाने से जुड़े शोध पर काम कर चुके हैं.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
आखिर कौन है ये महिला? जिनके पति की रिहाई के लिए ट्रंप जिनपिंग से करेंगे बात
Courtesy: Pinterest

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस हफ्ते चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात करने वाले हैं. इस मुलाकात में अमेरिका में चर्चा में चल रहे एक अमेरिकी नागरिक की रिहाई का मुद्दा भी उठ सकता है. मामला अमेरिकी भूकंप वैज्ञानिक यूलिन चेन से जुड़ा है, जो नवंबर 2024 से चीन में हिरासत में हैं.

उनकी पत्नी युफांग रोंग को उम्मीद है कि ट्रंप, जिनपिंग के सामने उनके पति की रिहाई की मांग रखेंगे. युफांग रोंग अमेरिकी भूकंप वैज्ञानिक यूलिन चेन की पत्नी हैं. उनके पति अमेरिका में सिस्मोलॉजिस्ट के तौर पर काम करते रहे हैं. उनका शोध उत्तर कोरिया के भूमिगत परमाणु परीक्षणों का पता लगाने से जुड़ा रहा है.

युफांग रोंग का क्या है कहना?

चेन 2011 में अमेरिकी नागरिक बने थे और बोस्टन क्षेत्र में रहते थे. उनके रिसर्च प्रोजेक्ट को अमेरिकी विदेश विभाग और अमेरिकी एयरफोर्स की रिसर्च लैबोरेटरी से फंडिंग मिली थी. युफांग रोंग का कहना है कि उनके पति का शोध सार्वजनिक रूप से उपलब्ध डेटा पर आधारित था और उन्होंने चीनी वैज्ञानिकों के साथ भी काम किया था.

नवंबर 2024 से चीन में हिरासत में हैं चेन

यूलिन चेन को 5 नवंबर 2024 को बीजिंग इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया गया था. बताया गया कि वह परिवार से मिलने और दो विश्वविद्यालयों में लेक्चर देने के बाद अमेरिका लौट रहे थे. युफांग रोंग के मुताबिक, उनके पति से 100 से ज्यादा बार पूछताछ की जा चुकी है.

अमेरिकी दूतावास के अधिकारियों को महीने में करीब एक बार उनसे मिलने की अनुमति मिलती है. रोंग के अनुसार, इन मुलाकातों के दौरान चीनी अधिकारी भी मौजूद रहते हैं. रोंग ने अपने पति की सेहत को लेकर भी चिंता जताई है. उनके मुताबिक, चेन को हाई ब्लड प्रेशर और डायबिटीज की समस्या है और वह उनकी मेडिकल सुविधा तथा खाने को लेकर चिंतित हैं.

चीन पर जासूसी के आरोप में केस चलने का डर

युफांग रोंग को आशंका है कि चीन उनके पति पर जासूसी से जुड़े आरोप लगाकर मुकदमा चला सकता है. उनका कहना है कि चेन का रिसर्च सार्वजनिक डेटा पर आधारित था. चेन का मामला अब अमेरिकी सरकार के स्तर पर भी उठाया जा रहा है. रोंग के मुताबिक, वह मंगलवार को व्हाइट हाउस में स्टेट डिपार्टमेंट और नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के अधिकारियों से मिलीं. इस बैठक में उन्हें भरोसा दिया गया कि ट्रंप, शी जिनपिंग के साथ बातचीत में चेन की रिहाई का मुद्दा उठाएंगे.

ट्रंप से रिहाई की उम्मीद क्यों?

युफांग रोंग के मुताबिक, ट्रंप पहले भी चीन के साथ बातचीत के दौरान उनके पति का मामला उठा चुके हैं. हालांकि, उनके अनुसार उस प्रयास के बाद चेन की रिहाई नहीं हो सकी. चेन उन अमेरिकी नागरिकों में शामिल हैं, जिन्हें अमेरिकी सरकार गलत तरीके से हिरासत में लिया गया मानती है.

रोंग को उम्मीद है कि ट्रंप और जिनपिंग की मुलाकात के दौरान उनके पति का मुद्दा फिर उठेगा और इससे उनकी रिहाई का रास्ता खुल सकता है. अगर उन्हें अपने पति से मिलने का मौका मिलता है तो रोंग का कहना है कि वह उन्हें हिम्मत रखने और उम्मीद बनाए रखने के लिए कहेंगी. उनका संदेश है कि बहुत से लोग उनकी मदद कर रहे हैं और उन्हें उम्मीद है कि चेन एक दिन वापस घर लौटेंगे.