menu-icon
India Daily

ईरान पर फिर बरसेंगे अमेरिकी बम? ट्रम्प बोले- आज रात हो सकता है बड़ा हमला

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान के खिलाफ फिर बड़े सैन्य हमले की चेतावनी दी है. हालिया एयरस्ट्राइक, होर्मुज की घटनाओं और बढ़ते तनाव के बीच दोनों देशों के रिश्ते फिर सुर्खियों में आ गए हैं.

KanhaiyaaZee
ईरान पर फिर बरसेंगे अमेरिकी बम? ट्रम्प बोले- आज रात हो सकता है बड़ा हमला
Courtesy: X

नई दिल्ली: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने नाटो शिखर सम्मेलन के दौरान संकेत दिया कि जरूरत पड़ने पर अमेरिका ईरान के खिलाफ एक और बड़ा सैन्य अभियान चला सकता है. इससे पहले अमेरिका की ओर से ईरान के कई सैन्य ठिकानों पर कार्रवाई किए जाने का दावा किया गया था. दोनों देशों के बीच बढ़ती बयानबाजी ने क्षेत्रीय सुरक्षा और वैश्विक हालात को लेकर नई चिंताएं पैदा कर दी हैं.

नाटो शिखर सम्मेलन के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका ने बीती रात ईरान पर जोरदार हमला किया था और जरूरत पड़ने पर फिर कार्रवाई की जा सकती है. उन्होंने कहा कि ईरान लंबे समय से पश्चिम एशिया में दबाव बनाने की कोशिश करता रहा है, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं. ट्रम्प ने यह भी कहा कि फिलहाल वह ईरान के साथ किसी नए समझौते के पक्ष में नहीं हैं.

80 से ज्यादा ठिकानों पर कार्रवाई का दावा

अमेरिकी सेंट्रल कमांड के अनुसार, मंगलवार देर रात ईरान के 80 से अधिक सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया. अमेरिका का कहना है कि यह कार्रवाई होर्मुज क्षेत्र में जहाजों पर हुए हमलों के जवाब में की गई. इस सैन्य अभियान के बाद दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया है.

होर्मुज की घटना बनी विवाद की वजह

ईरान ने दावा किया कि उसने होर्मुज क्षेत्र में तीन जहाजों को इसलिए निशाना बनाया क्योंकि वे निर्धारित समुद्री मार्ग का पालन नहीं कर रहे थे. इस घटना के बाद अमेरिका ने इसे अंतरराष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए जवाबी कार्रवाई की. इसके बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई.

अहम ठिकानों को बनाया चेतावनी का केंद्र

ट्रम्प ने कहा कि यदि हालात बिगड़ते हैं तो अमेरिका ईरान के महत्वपूर्ण नागरिक और ऊर्जा ढांचे को भी निशाना बना सकता है. उन्होंने बिजली संयंत्रों का उल्लेख करते हुए कहा कि वह ऐसा नहीं करना चाहते, लेकिन आवश्यकता पड़ने पर सभी विकल्प खुले हैं. उन्होंने इसे अमेरिका की सुरक्षा नीति का हिस्सा बताया.

खार्ग द्वीप का भी किया जिक्र

अपने संबोधन में ट्रम्प ने ईरान के प्रमुख तेल निर्यात केंद्र खार्ग द्वीप का भी उल्लेख किया. उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी कार्रवाई के दौरान वहां भी हमला किया गया. साथ ही कहा कि सेना को तेल प्रतिष्ठानों और पाइपलाइन को नुकसान न पहुंचाने के निर्देश दिए गए थे, जबकि अन्य लक्ष्यों पर कार्रवाई करने को कहा गया था.