menu-icon
India Daily

हत्या कर गर्लफ्रेंड को भेजी पत्नी की लाश की फोटो, अमेरिका में गिरफ्तार हुआ तेलंगाना का इंजीनियर

अमेरिका के वॉशिंगटन राज्य में भारतीय मूल के एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर पर पत्नी की हत्या का आरोप लगा है. पुलिस का दावा है कि आरोपी ने हत्या के बाद कथित तौर पर प्रेमिका को शव की तस्वीर भेजी.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
हत्या कर गर्लफ्रेंड को भेजी पत्नी की लाश की फोटो, अमेरिका में गिरफ्तार हुआ तेलंगाना का इंजीनियर
Courtesy: X/M9USA_

अमेरिका के वॉशिंगटन राज्य में रहने वाले तेलंगाना के सॉफ्टवेयर इंजीनियर अविनाश नार्ने को अपनी पत्नी राजिता सब्बिनेनी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, अक्टूबर 2025 में राजिता अपने अपार्टमेंट के बाथरूम में मृत मिली थीं. शुरुआत में मामले को संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत माना गया, लेकिन पोस्टमार्टम में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई. करीब नौ महीने तक चली जांच के बाद पुलिस ने डिजिटल सबूतों और अन्य जानकारियों के आधार पर अविनाश के खिलाफ प्रथम श्रेणी हत्या का मामला दर्ज किया. अदालत ने आरोपी की जमानत 50 लाख अमेरिकी डॉलर तय की है.

 डिजिटल सबूतों ने बदली जांच की दिशा

पुलिस के मुताबिक, अविनाश ने दावा किया था कि वह कुछ देर के लिए घर से बाहर गया था और लौटने पर पत्नी को बाथरूम में बंद पाया लेकिन अपार्टमेंट के स्मार्ट लॉक और सुरक्षा प्रणाली के रिकॉर्ड से पता चला कि उसके बाहर रहने के दौरान कोई अन्य व्यक्ति घर में दाखिल नहीं हुआ. जांच अधिकारियों का कहना है कि इससे किसी बाहरी हमलावर की आशंका लगभग खत्म हो गई. इसके बाद पुलिस ने आरोपी के मोबाइल रिकॉर्ड, कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच की, जिससे मामले की दिशा बदल गई.

गर्लफ्रेंड को भेजी पत्नी के शव की तस्वीर

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अविनाश का भारत में एक महिला के साथ कथित प्रेम संबंध था, जो शादी के बाद भी जारी रहा. अभियोजन पक्ष का आरोप है कि पत्नी की मौत वाले दिन आरोपी ने उस महिला से कई बार बात की. जांच दस्तावेजों के अनुसार, हत्या के अगले दिन उसने कथित तौर पर पत्नी के शव की तस्वीर भी उसी महिला को भेजी, जिसकी बात पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार की. पुलिस ने यह भी बताया कि मौत से पहले राजिता ने पति द्वारा बनाए गए ड्रिंक का स्वाद असामान्य रूप से कड़वा होने की शिकायत की थी. फिलहाल मामले की सुनवाई अदालत में जारी है और अंतिम फैसला न्यायिक प्रक्रिया के बाद होगा.