Sweden Nato Membership: तुर्किये की संसद ने मंगलवार को सैन्य संगठन नाटो में शामिल होने के लिए स्वीडन की सदस्यता को मंजूरी दे दी है. तुर्किये के नेताओं ने स्वीडन के नाटो में शामिल होने को लेकर उसके पक्ष में मतदान किया है. नाटो का आधिकारिक राजपत्र प्रकाशित होने के बाद स्वीडन इस सैन्य गठबंधन का प्रभावी सदस्य बन जाएगा.
नाटो मेंबर तुर्किये एक साल से ज्यादा समय से स्वीडन की सदस्यता में देरी कर रहा था. तुर्किये ने स्वीडन के उन देशों के प्रति उदार रुख रखने का आरोप लगाया था जिन्हें अंकारा अपनी सुरक्षा के लिए खतरा मानता है. तुर्किये ने स्वीडन से कुछ रियायतों की मांग की है जिसमें कुर्द आतंकियों और उसके नेटवर्क के प्रति कड़ा रुख शामिल है.
तुर्किये की मंजूरी के बाद हंगरी एकमात्र देश बचा है जिसने स्वीडन की नाटो सदस्यता को मंजूरी नहीं दी है. रिपोर्ट के अनुसार, तुर्किये की संसद में मंगलवार को हुए मतदान में स्वीडन के समर्थन में 287-55 मतों से प्रस्ताव पारित किया गया. राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन जल्द ही इस प्रस्ताव पर हस्ताक्षर कर आधिकारिक सहमति दे देंगे.
रूस के यूक्रेन पर आक्रमण के बाद यूरोपीय देश स्वीडन ने नाटो की सदस्यता हासिल करने की इच्छा जाहिर की थी. स्वीडन द्वारा कुर्द अलगाववादियों को समर्थन के कारण अंकारा स्वीडन की नाटो सदस्यता में अड़ंगा लगा रहा था.