menu-icon
India Daily

खामेनेई की मौत के बाद मिडिल ईस्ट में फैली युद्ध की आग! पीएम मोदी ने नेतन्याहू को किया फोन, जाने क्या कहा?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इजराइल के पीएम नेतन्याहू से फोन पर बात की और मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच जल्द से जल्द दुश्मनी खत्म करने की अपील की. उन्होंने यूएई के राष्ट्रपति से भी बात कर हमलों की निंदा की और शांति की वकालत की.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
खामेनेई की मौत के बाद मिडिल ईस्ट में फैली युद्ध की आग! पीएम मोदी ने नेतन्याहू को किया फोन, जाने क्या कहा?
Courtesy: ani

नई दिल्ली: मध्य पूर्व में तनाव अब चरम पर है. ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई की अमेरिका-इजराइल के संयुक्त हमले में मौत के बाद तेहरान ने इजराइल और खाड़ी देशों पर मिसाइलों की बौछार कर दी है. इस जवाबी कार्रवाई ने पूरे क्षेत्र को युद्ध की कगार पर ला खड़ा किया है.

ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद से बात की. मोदी ने नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए शांति बहाली और तनाव कम करने की मजबूत मांग की. भारत ने खाड़ी में हमलों की कड़ी निंदा भी की है.

मोदी-नेतन्याहू के बीच फोन पर बात

प्रधानमंत्री मोदी ने नेतन्याहू से टेलीफोन पर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने हाल की घटनाओं पर भारत की चिंता जताई और नागरिकों की सुरक्षा को सबसे ऊपर रखने की बात कही. मोदी ने स्पष्ट कहा कि भारत क्षेत्र में जल्द से जल्द दुश्मनी खत्म होने की उम्मीद करता है. उन्होंने X पर लिखा कि हालात चिंताजनक हैं और शांति बहाली जरूरी है. 

यूएई पर हमलों की कड़ी निंदा

मोदी ने यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद से भी बात की. उन्होंने खाड़ी देश पर हुए हमलों की मजबूत निंदा की और मारे गए लोगों के प्रति संवेदना जताई. मोदी ने कहा कि भारत इन मुश्किल वक्त में यूएई के साथ खड़ा है. उन्होंने भारतीय समुदाय की सुरक्षा के लिए यूएई सरकार का आभार भी जताया. 

क्षेत्रीय शांति पर भारत का रुख

मोदी ने दोनों नेताओं से बातचीत में डी-एस्केलेशन, क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और स्थिरता पर जोर दिया. भारत का मानना है कि बढ़ता संघर्ष किसी के हित में नहीं है. प्रधानमंत्री ने नागरिकों की जान-माल की रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया. उन्होंने कहा कि तनाव कम होने से ही क्षेत्र में स्थिरता आ सकती है. 

ईरान की जवाबी कार्रवाई और युद्ध का खतरा

खामेनेई की मौत के बाद ईरान ने इजराइल और कई अरब देशों पर भारी मिसाइल हमले किए. खाड़ी क्षेत्र में अब युद्ध का डर बढ़ गया है. पहले शांत माने जाने वाले इलाके अब अस्थिर हो गए हैं. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता है कि यह संघर्ष और फैल सकता है. भारत ने दोनों पक्षों से संयम बरतने की अपील की है.