थाईलैंड में भीषण आग से मचा हड़कंप, बाइक शोरूम और रिहायशी इमारत में 11 लोगों की मौत; 17 घायल

थाईलैंड के फुकेत शहर में सोमवार तड़के एक भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया. एक मोटरसाइकिल रेंटल शॉप और उससे जुड़ी रिहायशी इमारत में आग फैलने से कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 अन्य घायल हो गए.

X
Shilpa Srivastava

Thailand Fire Accident: थाईलैंड के फुकेत शहर में सोमवार तड़के एक भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया. एक मोटरसाइकिल रेंटल शॉप और उससे जुड़ी रिहायशी इमारत में आग फैलने से करीब 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 अन्य घायल हो गए. अधिकारियों के मुताबिक, हादसा सोमवार सुबह करीब 2 बजे हुआ. आग इतनी तेजी से फैली कि इमारत में रहने वाले लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला. दमकल विभाग की टीम को आग पर काबू पाने में करीब एक घंटे का समय लगा.

जानकारी के मुताबिक, जिस इमारत में आग लगी, उसके ग्राउंड फ्लोर पर मोटरसाइकिल किराए पर देने की दुकान थी. वहीं, ऊपर की मंजिलों पर लोग रहते थे. आग लगने के बाद कुछ लोगों ने जान बचाने के लिए इमारत की ऊपरी मंजिलों की तरफ जाने की कोशिश की.

आग लगने के कारण की हो रही जांच:

फुकेत के पुलिस कमांडर सुराचाई सुकसाई के अनुसार, आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है. शुरुआती जांच में पता चला है कि आग लगने से कुछ समय पहले इमारत के पास लगा एक बिजली का ट्रांसफॉर्मर फटा था. हालांकि, अधिकारियों ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है कि ट्रांसफॉर्मर में विस्फोट ही आग लगने की वजह था.


फुकेत के गवर्नर चोडनारिन कोएडसोम ने बताया कि दुकान के ग्राउंड फ्लोर पर करीब 100 मोटरसाइकिलें रखी थीं. इसके अलावा वहां गैस, इंजन ऑयल, प्लास्टिक का सामान और टायर भी मौजूद थे. अधिकारियों के मुताबिक, इन ज्वलनशील चीजों के कारण आग तेजी से फैल सकती थी. इनसे निकलने वाला जहरीला धुआं भी इमारत के अंदर रहने वाले लोगों के लिए बड़ी परेशानी बना.

तीसरी और पांचवीं मंजिल पर मिले शव:

गवर्नर के मुताबिक, ऐसा माना जा रहा है कि आग से बचने के लिए कई लोग ऊपर की मंजिलों की ओर भागे थे. राहत और बचाव अभियान के दौरान एक शव तीसरी मंजिल पर मिला, जबकि 10 अन्य शव पांचवीं मंजिल से बरामद किए गए. इस हादसे में 17 लोग घायल हुए हैं. अधिकारियों के अनुसार, घायलों को मामूली चोटें आई हैं. फिलहाल सभी प्रभावित लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.

फुकेत पुलिस और स्थानीय प्रशासन हादसे की जांच कर रहे हैं. शुरुआती जानकारी में ट्रांसफॉर्मर में विस्फोट की आशंका जताई गई है, लेकिन आग लगने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है.