'दुनिया में क्रिकेट को आगे बढ़ाने का है टारगेट', दूसरी बार ICC की कुर्सी संभालेंगे जय शाह; निर्विरोध चुने गए चेयरमैन

जय शाह को दूसरी बार निर्विरोध ICC चेयरमैन चुन लिया गया है. इंडोनेशिया के बाली में हुई बोर्ड बैठक में सभी सदस्यों ने उनके नाम पर सहमति जताई.

Pinterest
Km Jaya

भारतीय क्रिकेट जगत से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने जय शाह को एक बार फिर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है. उन्हें दूसरे कार्यकाल के लिए निर्विरोध ICC चेयरमैन चुना गया है. इंडोनेशिया के बाली में आयोजित ICC बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में यह फैसला लिया गया. बोर्ड की ओर से रखे गए प्रस्ताव पर सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से सहमति जताई.

दोबारा चेयरमैन चुने जाने के बाद जय शाह ने सभी बोर्ड सदस्यों का आभार जताया. उन्होंने कहा कि ICC चेयरमैन के रूप में काम करना उनके लिए सम्मान की बात है. साथ ही यह एक बड़ी जिम्मेदारी भी है. उन्होंने दुनिया भर में क्रिकेट के हितों को आगे बढ़ाने और खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सभी सदस्यों के साथ मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई.

कैसा रहा जय शाह का पहला कार्यकाल?

जय शाह ने 1 दिसंबर 2024 को पहली बार ICC चेयरमैन का पदभार संभाला था. उस समय 35 साल की उम्र में वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के इतिहास में सबसे युवा चेयरमैन बने थे. इससे पहले वह अक्टूबर 2019 से भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सचिव और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभा चुके थे.


अपने पहले कार्यकाल के दौरान जय शाह ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर काम किया. क्रिकेट को ओलंपिक में वापस लाने की दिशा में उनके प्रयासों को महत्वपूर्ण माना गया. करीब 128 साल बाद लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 में क्रिकेट की वापसी होने जा रही है. इसके अलावा महिला क्रिकेट को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देने, टूर्नामेंट की लोकप्रियता बढ़ाने और खेल के व्यावसायिक विकास पर भी विशेष ध्यान दिया गया.

उनके कार्यकाल में 2025 चैंपियंस ट्रॉफी और 2026 टी20 वर्ल्ड कप जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों के आयोजन से जुड़े अहम फैसले भी चर्चा में रहे. इसके साथ ही एसोसिएट क्रिकेट देशों को बेहतर सुविधाएं, बुनियादी ढांचा और वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया. ICC का उद्देश्य दुनिया के अधिक से अधिक देशों में क्रिकेट को लोकप्रिय बनाना और खेल के विकास के लिए नए अवसर तैयार करना रहा.

दोबारा जिम्मेदारी मिलने पर क्या बोले जय शाह?

दूसरी बार ICC चेयरमैन चुने जाने पर जय शाह ने बोर्ड के सभी सदस्यों का धन्यवाद किया. उन्होंने कहा कि बोर्ड ने उन पर जो भरोसा जताया है, उससे वह सम्मानित महसूस कर रहे हैं. उन्होंने प्रत्येक डायरेक्टर के निरंतर समर्थन और विश्वास के लिए आभार व्यक्त किया.

जय शाह ने कहा कि ICC की जिम्मेदारी केवल सफल टूर्नामेंट आयोजित करने तक सीमित नहीं है. क्रिकेट के लिए एक मजबूत और टिकाऊ भविष्य तैयार करना भी जरूरी है. इसके लिए फैंस, खिलाड़ियों, कमर्शियल पार्टनर्स और खेल से जुड़े अन्य लोगों के हितों को ध्यान में रखना होगा.

उन्होंने आगे कहा कि क्रिकेट की सबसे बड़ी ताकत लोगों को एक साथ जोड़ने की क्षमता है. बोर्ड और सदस्य देशों के सहयोग से उनका लक्ष्य इस सोच को वास्तविकता में बदलना है. साथ ही यह सुनिश्चित करना है कि आज खेल के विकास के लिए उठाए गए कदम आने वाली पीढ़ियों के लिए भी फायदेमंद साबित हों.

दुनिया भर में क्रिकेट को आगे बढ़ाने पर रहेगा फोकस

जय शाह के दूसरे कार्यकाल में ICC के सामने क्रिकेट को नए बाजारों और देशों तक पहुंचाने की चुनौती होगी. महिला क्रिकेट का विस्तार, एसोसिएट देशों को मजबूत करना और वैश्विक स्तर पर खेल की लोकप्रियता बढ़ाना प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रह सकता है. ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी भी इस दिशा में एक बड़ा अवसर है. जय शाह ने साफ किया है कि उनका लक्ष्य केवल बड़े टूर्नामेंट आयोजित करना नहीं, बल्कि क्रिकेट के लिए ऐसा भविष्य तैयार करना है, जिसमें खिलाड़ियों और प्रशंसकों के साथ सभी सदस्य देशों को आगे बढ़ने का समान अवसर मिले.