80 साल के बुजुर्ग ने जीते-जी कराई अपनी तेरहवीं, 900 लोगों ने खाया भोज; नाती को सौंपी पगड़ी

उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से एक अनोखी खबर सामने आई है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है. यहां 80 साल के एक बुजुर्ग ने अपनी मौत के बाद होने वाली तेरहवीं की रस्म जीते-जी पूरी करा दी.

X
Shilpa Srivastava

बागपत: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से एक अनोखी खबर सामने आई है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है. यहां 80 साल के एक बुजुर्ग ने अपनी मौत के बाद होने वाली तेरहवीं की रस्म जीते-जी पूरी करा दी. इस अनोखे आयोजन में करीब 900 लोग शामिल हुए. सबसे खास बात यह रही कि जिस व्यक्ति की तेरहवीं का आयोजन किया गया, वह खुद मेहमानों के बीच मौजूद था और सभी का स्वागत कर रहा था.

यह मामला बागपत के जोहड़ी गांव का है, जहां रविवार (15 नवंबर) को चौधरी बलजोर सिंह ने अपनी इच्छा से इस कार्यक्रम का आयोजन किया. आमतौर पर तेरहवीं किसी व्यक्ति की मृत्यु के बाद की जाती है, लेकिन बलजोर सिंह ने इस परंपरा से अलग हटकर अपने जीवनकाल में ही परिचितों और रिश्तेदारों को भोज कराया.

हवन के बाद 900 लोगों ने किया भोज:

रविवार सुबह बलजोर सिंह के घर पर विधि-विधान से हवन किया गया. इसके बाद घर में बड़े स्तर पर भोजन तैयार किया गया. हलवाइयों ने पूड़ी, रायता, दो तरह की सब्जियां और लड्डू समेत कई पकवान बनाए. दोपहर तक करीब 900 ग्रामीण और रिश्तेदार भोज में शामिल हुए. 


आमतौर पर तेरहवीं का माहौल शोक से जुड़ा होता है, लेकिन यहां का नजारा बिल्कुल अलग था. बलजोर सिंह खुद लोगों के बीच बैठे और मेहमानों का स्वागत किया. इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री कृष्णपाल मलिक (केपी मलिक) भी पहुंचे और बलजोर सिंह से मुलाकात की.

नाती मुकुल को सौंपी परिवार की जिम्मेदारी:

इस आयोजन की एक और खास बात परिवार की पगड़ी की रस्म रही. परंपरा के अनुसार परिवार के मुखिया के निधन के बाद उत्तराधिकारी को पगड़ी बांधी जाती है. लेकिन बलजोर सिंह ने अपनी मौजूदगी में ही यह रस्म पूरी कर दी और अपनी पगड़ी नाती मुकुल को सौंप दी.

उनके परिवार में बेटी पिंकी, दामाद सुखपाल, तीन नातिन और एक नाती मुकुल हैं. इस तरह उन्होंने परिवार की जिम्मेदारी अगली पीढ़ी को सौंपने का संदेश भी दिया.

आखिर क्यों कराई अपनी तेरहवीं?

बलजोर सिंह के मुताबिक, उन्होंने पूरी जिंदगी समाज के लोगों के साथ अच्छे संबंध बनाए रखे. वह हमेशा दूसरों के निमंत्रण पर भोज में शामिल होते रहे. उनकी इच्छा थी कि जीवन रहते ही सभी परिचितों, रिश्तेदारों और समाज के लोगों को एक जगह बुलाकर उनके साथ भोजन करें.

परिवार ने भी उनकी इच्छा का सम्मान किया और पूरे आयोजन की जिम्मेदारी उठाई. बलजोर सिंह की इस अनोखी पहल ने बागपत और आसपास के इलाकों में नई चर्चा शुरू कर दी है.