menu-icon
India Daily

'पर्ल हार्बर के बारे में क्यों नहीं...', ईरान हमले के सवाल पर ट्रंप ने जापानी रिपोर्टर को दिया 'तीखा जवाब', देखती रह गईं PM ताकाइची

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची के साथ गुरुवार को बैठक की. इस दौरान उन्होंने पर्ल हार्बर हमले का जिक्र किया. उनके इस बयान को सुनकर जापानी प्रधानमंत्री भी दंग रह गईं.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
'पर्ल हार्बर के बारे में क्यों नहीं...', ईरान हमले के सवाल पर ट्रंप ने जापानी रिपोर्टर को दिया 'तीखा जवाब', देखती रह गईं PM ताकाइची
Courtesy: X (@EricTrump)

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची के साथ बैठक की. इस दौरान उन्होंने ईरान पर अमेरिका और इज़राइल के हमलों की तुलना जापान के 1941 में पर्ल हार्बर पर किए गए हमले से कर दी. उनकी इस टिप्पणी को सुनकर जापान की पीएम भी हैरान रह गईं.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ताकाइची एक साथ प्रेस से बात कर रहे थे. इसी दौरान एक जापानी रिपोर्टर ने जब उनसे पूछा कि ईरान पर हमले से पहले सहयोगी देशों को क्यों नहीं बताया गया. जिसमें जापान भी शामिल है तो ट्रंप ने हैरान करने वाला जवाब दिया.

पर्ल हार्बर हमले पर क्या बोले ट्रंप

ट्रंप ने कहा कि हमने किसी को नहीं बताया क्योंकि सरप्राइज चाहिए था, हम जोरदार हमला करना चाहते थे. जापान से बेहतर सरप्राइज कौन जानता है? उन्होंने ताकाइची की ओर देखते हुए कहा कि आपने मुझे पर्ल हार्बर के बारे में क्यों नहीं बताया? आप सरप्राइज में हमसे ज्यादा विश्वास रखते हैं और मुझे लगते है कि हमसे भी कई गुना ज्यादा करते हैं.

जिन्हें नहीं मालूम उन्हें बता दें कि पर्ल हार्बर में जापान ने 7 दिसंबर 1941 को अमेरिकी नौसेना पर अचानक हमला किया था. रिपोर्ट के मुताबिक इस हमले में 2,390 अमेरिकी मारे गए. इस हमले के अगले ही दिन अमेरिका ने जापान के खिलाफ हमले का ऐलान कर दिया और इसी के साथ अमेरिका भी दूसरे विश्व युद्ध का हिस्सा बन गया था. जिसके बाद इस युद्ध का अंत अगस्त 1945 में हिरोशिमा और नागासाकी पर अमेरिका द्वारा परमाणु बम गिराने के साथ हुआ. 

वैश्विक अर्थव्यवस्था को बड़ा झटका

ट्रंप ने किसी को इस हमले के बारे में ना बताने के पीछे का तर्क देते हुए कहा कि सरप्राइज की वजह से पहले दो दिनों में 50 प्रतिशत लक्ष्य हासिल हो गए. अगर पहले बता देते तो सरप्राइज नहीं रहता. मिडिल ईस्ट टेंशन का अब तीन हफ्ता पूरा होने वाला है. इस समय इस जंग के कारण पूरा विश्व प्रभावित हो रहा है. दुनिया गंभीर सुरक्षा संकट का सामना कर रही है. वैश्विक अर्थव्यवस्था को बड़ा झटका लग सकता है.

ताकाइची ने ट्रंप की तारीफ करते हुए कहा कि सिर्फ आप ही पूरी दुनिया में शांति ला सकते हैं. मैं अंतरराष्ट्रीय समुदाय से संपर्क करने को तैयार हूं. हम मिलकर मकसद पूरा करेंगे. वहीं ट्रंप ने भी कहा कि मुझे उम्मीद है जापान मदद करेगा. हालांकि इस मीटिंग के दौरान ट्रंप ने ताकाइची की अच्छी अंग्रेजी की तारीफ की. ट्रंप ने कहा कि आपकी भाषा बहुत अच्छी है, लेकिन मैंने अभी जापानी नहीं सीखी. अगली बार मिलेंगे तो मैं सीख लूंगा.