Pakistan General Election: पाक के अलग देश बनने के बाद भी वहां की सरकारों का तख्तापलट होना आम रहा है. पाक में चुनी हुई सरकारों को गिराकर सेना द्वारा सत्ता हासिल करने की लंबी परंपरा रही है. इसका शिकार क्रिकेटर से राजनेता बने इमरान खान भी बने. 2018 में सत्ता में आए और अपने कार्यकाल के पूरा होने से पहले ही बेदखल कर दिए गए. इस बीच केयरटेकर प्रधानमंत्री अनावरुल हक काकर ने एक अनोखा रिकॉर्ड बनाया है. हक के नेतृत्व वाली सरकार ने पाक के सबसे लंबे समय तक रहने वाली अंतरिम सरकार का दर्जा प्राप्त कर लिया है.
आपको बता दें कि नेशनल असेंबली भंग होने के बाद अनवारुल हक काकर देश के कार्यवाहक प्रधानमंत्री बने थे. पाक संविधान के मुताबिक, नेशनल असेंबली के भंग होने के 90 दिन के भीतर ही चुनाव कराए जाने थे लेकिन यह टाले जाते रहे. इस प्रकार मौजूदा प्रधानमंत्री को पद ग्रहण किये हुए 131 दिन हो गए है. यह पाकिस्तान सियासत में बड़ा रिकॉर्ड है. काकर से पहले सबसे लंबी चलने वाली अंतरिम सरकार का नेतृत्व मियां मुहम्मद सुमरो ने किया था. सुमरो 16 नवंबर 2007 से लेकर 24 मार्च 2008 तक 130 दिनों के लिए केयरटेकर पीएम रहे थे.
अनवारुल हक काकर ने 14 अगस्त, 2023 को पाकिस्तान के 8वें कार्यवाहक प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी. वे अब सबसे ज्यादा समय तक कार्यवाहक प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड बना चुके हैं.पाकिस्तान में 8 फरवरी को आम चुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे. ऐसे में अभी करीब डेढ़ महीने उनके और पद पर बने रहने की संभावना है.
पाक के अन्य केयरटेकर पीएम की बात करें तो नसीरुल मुल्क 79 दिनों के लिए. मीर हजार खोसो 71 दिन के लिए, मलिक रोज मेराद खालिद 104 दिनों तक कार्यवाहक प्रधानमंत्री बने थे. पाक में मोइनुद्दीन अहमद कुरैशी 92 दिनों के लिए केयरटेकर पीएम की कुर्सी संभाल चुके हैं. गुलाम मस्तफा जटोई भी 91 दिन के लिए केयरटेकर पीएम रह चुके हैं. कार्यवाहक प्रधानमंत्री के तौर पर बलख शेर मजारी का कार्यकाल सबसे छोटा था. पाक सोशल मीडिया यूजर्स ने कहा कि काकर की किस्मत कमाल की है.