menu-icon
India Daily

चेहरे को पत्थर से कुचला...फिर लाश को ट्रेन की पटरियों पर फेंका, पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की पति की हत्या; आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद में महिला और उसके प्रेमी ने पति की हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर डाल दिया. मामले को हादसा दिखाया गया, लेकिन दो महीने बाद सच्चाई सामने आई और दोनों आरोपी गिरफ्तार हुए.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
चेहरे को पत्थर से कुचला...फिर लाश को ट्रेन की पटरियों पर फेंका, पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की पति की हत्या; आरोपी गिरफ्तार
Courtesy: Grok AI

फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद में दो महीने पहले हुए एक खौफनाक हत्या के मामले का अब खुलासा हुआ है, जिसे हफ्तों तक रेलवे दुर्घटना बताया गया था. पुलिस ने बताया कि एक महिला और उसके प्रेमी ने कथित तौर पर अपने पति की पीट-पीटकर हत्या कर दी. 

पहचान छिपाने के लिए उसका चेहरा कुचल दिया और शव को रेलवे पटरियों पर फेंक दिया. 30 नवंबर 2025 को हुई ये घटना लगभग दो महीने की जांच के बाद सामने आया. जिसके बाद पीड़ित की पत्नी और उसके कथित साथी को गिरफ्तार किया गया.

कब और कहां मिला शव?

झारखंड के गोड्डा जिले के ऑटो-रिक्शा चालक सुमन का शव 1 दिसंबर 2025 को मेवाला महाराजपुर इलाके में रेलवे ट्रैक पर मिला था. चेहरा बुरी तरह कुचला होने के कारण पुलिस को शुरू में लगा कि वह ट्रेन से कट गया है. कई दिनों तक उसकी पहचान नहीं हो पाई और मामले को आकस्मिक मौत माना गया.

कैसे हुई शव की पहचान?

यह मामला 18 जनवरी को तब पलटा जब सुमन के भाई सनी ने सूरजकुंड पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई. FIR दर्ज होने के बाद जांच के दौरान पुलिस ने पोस्टमार्टम हाउस में रखे शव का मिलान लापता व्यक्ति के विवरण से किया. आखिरकार कपड़ों और शारीरिक विशेषताओं के आधार पर शव की पहचान हुई.

सनी ने पुलिस को क्या बताया?

सनी ने अपनी भाभी और दूसरे आदमी के साथ उसके रिश्ते पर भी शक जताया. पुलिस ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि सुमन को अपनी पत्नी के पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के रहने वाले रियाजुल के साथ एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के बारे में पता चल गया था. जांचकर्ताओं ने बताया कि इसके बाद दोनों ने उसे खत्म करने का फैसला किया. 

आरोपी महिला ने क्या बताया?

सहायक पुलिस आयुक्त वरुण दहिया के अनुसार, पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि हत्या तब की गई जब उसके पति को उसके एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के बारे में पता चला. पुलिस ने बताया कि 30 नवंबर को आरोपी ने सुमन को मेवाला महाराजपुर इलाके में बुलाया, उसे शराब पिलाई और फिर रेलवे ट्रैक के पास उस पर हमला किया.

एक अधिकारी ने बताया, 'उन्होंने उसके सिर पर पत्थर से हमला कर मार डाला. उसकी पहचान छिपाने और इसे एक हादसा दिखाने के लिए, उन्होंने उसका चेहरा ट्रैक पर रख दिया ताकि ट्रेन गुजरने पर वह कुचल जाए ताकि यह एक जानलेवा ट्रेन हादसा लगे.

आरोपी कैसे हुए गिरफ्तार?

DLF यूनिट की क्राइम ब्रांच टीम ने पीड़ित की पत्नी अंजनी उर्फ ​​कविता और रियाजुल दोनों को हिरासत में लिया. अपराध के समय दोनों मेवाला महाराजपुर इलाके में रह रहे थे. पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और रविवार को उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया और आगे की पूछताछ के लिए चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया.