चीन के फुजियान प्रांत के जिनजियांग शहर से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है. यहां जूतों की एक बड़ी फैक्ट्री में गुरुवार, 9 जुलाई को अचानक भीषण आग लग गई. चीन की सरकारी मीडिया शिन्हुआ के मुताबिक, इस भयावह अग्निकांड में कम से कम 28 लोगों की मौत हो गई है. हादसे पर गहरा दुख जताते हुए चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने 'भारी जान-माल के नुकसान' की बात कही है और अधिकारियों को बचाव अभियान तेज करने के साथ-साथ घटना की गहन जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
सरकारी ब्रॉडकास्टर CCTV द्वारा जारी वीडियो में कई मंजिला फैक्ट्री आग की भीषण लपटों में घिरी और आसमान में घने काले धुएं का गुबार उठता हुआ दिखाई दिया. जब दोपहर में यह आग लगी, तो फैक्ट्री के कई मजदूर जान बचाने के लिए छत पर भाग गए और वहां फंस गए. आग इतनी तेजी से फैली कि दमकल विभाग को मोर्चा संभालने के लिए 183 बचावकर्मी और 35 गाड़ियां घटनास्थल पर भेजनी पड़ीं. काफी मशक्कत के बाद लपटों पर काबू पाया जा सका.
शुरुआती जांच में पता चला है कि आग फैक्ट्री की ग्राउंड फ्लोर (भूतल) से शुरू हुई थी. इमारत में भारी मात्रा में जूते बनाने का कच्चा माल, रबर और गोंद (एडहेसिव) रखा हुआ था. इन चीजों ने बेहद आसानी से आग पकड़ ली, जिससे लपटें पूरी बिल्डिंग में फैल गईं. मौके पर मौजूद केमिकल और गोंद की वजह से हवा में इतनी तीखी गंध फैल गई थी कि वहां मौजूद लोगों और बचाव दल की आंखों में भयंकर जलन होने लगी.
🇨🇳🔸A fire broke out at the Fujian Huiteng Shoes factory in the southeastern Chinese city of Jinjiang, resulting in injuries.
— Argonaut (@FapeFop90614) July 9, 2026
Authorities have not yet confirmed the death toll. pic.twitter.com/61qDe9jyXJ
बता दें कि जिनजियांग शहर को चीन की 'जूता राजधानी' कहा जाता है, जो दुनिया भर में जूते और कपड़ों के निर्माण का एक बहुत बड़ा केंद्र है. एक आंकड़े के मुताबिक, यहां की हजारों कंपनियां मिलकर पूरी दुनिया के कुल उत्पादन का करीब 20 प्रतिशत जूता अकेले तैयार करती हैं, लेकिन इस बड़े हादसे ने अब यहां सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.