menu-icon
India Daily

5 महीने बाद सामने आई खामेनेई के घर की पहली तस्वीरें, US-इजरायल हमले के बाद तबाही का वीडियो जारी

ईरान के सरकारी मीडिया ने पहली बार उस आवास का वीडियो जारी किया है, जहां संयुक्त अमेरिका-इजरायल हमले में सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हुई थी.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
5 महीने बाद सामने आई खामेनेई के घर की पहली तस्वीरें, US-इजरायल हमले के बाद तबाही का वीडियो जारी
Courtesy: @IranIntl_En

नई दिल्ली: अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमले में मारे गए ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के आवास की पहली तस्वीरें अब दुनिया के सामने आ गई हैं. ईरान के सरकारी मीडिया ने पहली बार उस परिसर का वीडियो जारी किया है, जिसमें हमले के बाद हुई भारी तबाही साफ दिखाई देती है. इस वीडियो ने एक बार फिर फरवरी में हुए सैन्य अभियान को चर्चा के केंद्र में ला दिया है.

करीब 35 सेकंड के इस वीडियो में तेहरान स्थित इमाम खुमैनी हुसैनिया हॉल पूरी तरह क्षतिग्रस्त नजर आता है. यही स्थान वर्षों तक खामेनेई के सार्वजनिक संबोधनों और धार्मिक कार्यक्रमों का मुख्य केंद्र रहा था. वीडियो सामने आने के बाद हमले से हुए नुकसान की पहली आधिकारिक झलक दुनिया को देखने को मिली है.

मलबे में बदला खामेनेई का प्रमुख परिसर

सरकारी टेलीविजन और खामेनेई की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी वीडियो में परिसर के अंदर चारों ओर मलबा फैला दिखाई देता है. दीवारों और भवन के कई हिस्सों को गंभीर नुकसान पहुंचा है. यह वही परिसर है, जहां से खामेनेई लंबे समय तक देश को संबोधित करते रहे. वीडियो में हमले के बाद की तबाही स्पष्ट रूप से नजर आती है.

संयुक्त हमले में हुई थी खामेनेई की मौत

ईरान के अनुसार, 28 फरवरी 2025 को अमेरिका और इजरायल ने संयुक्त सैन्य कार्रवाई के दौरान इस परिसर को निशाना बनाया था. इसी हमले में 86 वर्षीय अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हुई. रिपोर्ट के मुताबिक उनके परिवार के कई सदस्य भी हमले की चपेट में आए, जिनमें उनकी 14 महीने की पोती भी शामिल थी. उनके बेटे और वर्तमान सर्वोच्च नेता मोजतबा अली खामेनेई के घायल होने की भी जानकारी दी गई थी.

छह दिन से चल रही अंतिम विदाई

खामेनेई का अंतिम संस्कार छह दिन तक चलने वाले राजकीय कार्यक्रम के तहत किया जा रहा है. यह यात्रा 4 जुलाई को तेहरान से शुरू हुई और इसके बाद कुम, इराक के नजफ और कर्बला जैसे प्रमुख धार्मिक शहरों से होकर आगे बढ़ी. बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए जुटे और विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की.

आज मशहद में होगा अंतिम संस्कार

अंतिम यात्रा के बाद खामेनेई के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक शहर मशहद ले जाया जा रहा है. उन्हें इमाम रजा की दरगाह के पास सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा. इससे पहले नजफ में इमाम अली की दरगाह पर भी अंतिम श्रद्धांजलि दी गई. ईरानी झंडे में लिपटे ताबूत को हजारों लोगों ने कंधा देकर अंतिम यात्रा में शामिल किया.

नए सर्वोच्च नेता अब तक नहीं आए सामने

अंतिम संस्कार की पूरी प्रक्रिया के दौरान ईरान के नए सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए हैं. ईरानी मीडिया में दावा किया गया है कि फरवरी के हमले में घायल होने के बाद वह सुरक्षित स्थान पर हैं. हालांकि उनके सार्वजनिक कार्यक्रमों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है.