menu-icon
India Daily

'भारत का भूगोल बदल देंगे', इंडियन आर्मी चीफ की चेतावनी से बौखलाए पाकिस्तान ने फिर दी गीदड़भभकी

भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी की आतंकवाद के खिलाफ सख्त चेतावनी के बाद बौखलाए पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भारत को भूगोल बदलने और इतिहास में धकेलने की गीदड़भभकी दी है.

KanhaiyaaZee
'भारत का भूगोल बदल देंगे', इंडियन आर्मी चीफ की चेतावनी से बौखलाए पाकिस्तान ने फिर दी गीदड़भभकी
Courtesy: Social Media

नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा पार आतंकवाद को लेकर जुबानी जंग तेज होती नजर आ रही है. भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी द्वारा आतंकवादियों को पनाह देने के मुद्दे पर पाकिस्तान को दी गई कड़ी चेतावनी के बाद पड़ोसी देश बौखला उठा है. इस बौखलाहट में पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भारत को एक बार फिर गीदड़भभकी दी है.

ख्वाजा आसिफ का यह बौखलाहट भरा बयान तब सामने आया है, जब हाल ही में भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने देश की सुरक्षा को सर्वोपरि बताया था. दिल्ली के मानेकशॉ सेंटर में आयोजित एक बड़े कार्यक्रम में जनरल द्विवेदी ने साफ शब्दों में कहा था कि यदि पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ अपनी आतंकी गतिविधियां बंद नहीं कीं, तो उसे यह तय करना होगा कि वह भविष्य में दुनिया के भूगोल का हिस्सा रहना चाहता है या केवल इतिहास के पन्नों में सिमटना चाहता है.

पाकिस्तानी रक्षा मंत्री की गीदड़भभकी

जनरल द्विवेदी के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने एक निजी समाचार चैनल को दिए साक्षात्कार में सारी हदें पार कर दीं. आसिफ ने धमकी भरे लहजे में कहा कि यदि भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ किसी भी तरह की सैन्य कार्रवाई करने का दुस्साहस किया, तो उसे इतिहास के पन्नों में धकेल दिया जाएगा. उन्होंने भारत का भूगोल तक बदलने की धमकी दे डाली.

पुरानी घटनाओं का झूठा राग

अपने इंटरव्यू के दौरान ख्वाजा आसिफ ने पिछले साल मई में दोनों देशों के बीच उपजे सीमाई तनाव का भी उल्लेख किया. उन्होंने मनगढ़ंत दावा करते हुए कहा कि उस दौरान पाकिस्तानी सेना ने भारत को बेहद करारा जवाब दिया था, जिससे भारतीय सेना की साख को काफी ठेस पहुंची थी. आसिफ ने आरोप लगाया कि वर्तमान भारतीय सेना प्रमुख अपने इसी पुराने नुकसान और खोई हुई प्रतिष्ठा को वापस पाने के लिए ऐसे कड़े बयान दे रहे हैं.

भारतीय विदेश नीति पर उठाए सवाल

ख्वाजा आसिफ ने केवल सैन्य मामलों पर ही नहीं, बल्कि भारत के आंतरिक मामलों और विदेश नीति पर भी अनाप-शनाप टिप्पणियां कीं. उन्होंने आरएसएस के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबले के बातचीत वाले बयान का जिक्र करते हुए दावा किया कि भारत में सरकार और सेना की सोच में भारी मतभेद हैं. इसके अलावा उन्होंने आरोप लगाया कि नेपाल, श्रीलंका और बांग्लादेश जैसे पड़ोसी मुल्कों के साथ भी भारत के कूटनीतिक संबंध अब पहले जैसे मजबूत नहीं रह गए हैं.