menu-icon
India Daily

बलूचिस्तान की कोयला खदान में गैस विस्फोट, 4 मजदूरों की मौत; 5 घायल

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में एक बार फिर कोयला खदान में हादसा हुआ है. हरनाई जिले में गैस विस्फोट के कारण चार खनिकों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल बताए जा रहे हैं.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
बलूचिस्तान की कोयला खदान में गैस विस्फोट, 4 मजदूरों की मौत; 5 घायल
Courtesy: AI

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में एक बार फिर कोयला खदान में हादसा हुआ है. हरनाई जिले में गैस विस्फोट के कारण चार खनिकों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल बताए जा रहे हैं. घटना ने खदानों में सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.

जानकारी के मुताबिक, रविवार को हरनाई जिले की एक कोयला खदान के अंदर गैस जमा हो गई थी. इसी दौरान हुए विस्फोट में कई मजदूर इसकी चपेट में आ गए. हादसे की सूचना मिलते ही पाकिस्तान सेना की बचाव टीम मौके पर पहुंची और राहत अभियान शुरू किया.

घटना में चार श्रमिकों की मौत

मिली जानकारी के मुताबिक बचावकर्मियों ने खदान के भीतर से चार श्रमिकों के शव बरामद किए. वहीं, पांच घायल खनिकों को सुरक्षित बाहर निकालकर इलाज के लिए प्रांतीय राजधानी क्वेटा भेजा गया. बलूचिस्तान में इस तरह का यह पहला हादसा नहीं है. इससे पहले अगस्त में डुकी जिले की एक कोयला खदान में जहरीली मीथेन गैस की चपेट में आने से तीन मजदूरों की मौत हुई थी.

मृतकों में दो अफगान नागरिक और एक पाकिस्तानी नागरिक शामिल था. बताया गया था कि खदान में काम के दौरान मीथेन गैस जमा हो गई थी. जहरीली गैस सांस के जरिए शरीर में जाने के बाद तीनों मजदूर बेहोश हो गए थे. सूचना मिलने के बाद माइंस एंड मिनरल्स विभाग ने बचाव अभियान चलाया, लेकिन बचाव दल के पहुंचने तक तीनों की मौत हो चुकी थी.

जुलाई में भी हुआ था बड़ा हादसा

इससे पहले जुलाई में बलूचिस्तान के सोरांगे इलाके में मीथेन गैस विस्फोट के बाद कोयला खदान का एक बड़ा हिस्सा ढह गया था. इस हादसे में 34 मजदूरों की मौत हुई थी. अधिकारियों के अनुसार, घटना के समय खदान के अंदर 41 खनिक मौजूद थे. विस्फोट के बाद कई मजदूर मलबे में फंस गए थे. राहत और बचाव अभियान के दौरान 34 श्रमिकों के शव बाहर निकाले गए. बलूचिस्तान में कोयला खदानों में गैस रिसाव, विस्फोट और खदान धंसने की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं. ताजा हादसे ने एक बार फिर मजदूरों की सुरक्षा और खदानों में निगरानी व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.