अमेरिका और ईरान के बीच तनाव अब सबसे आक्रामक रूप में पहुंच चुका है. हाल में तेहरान में ट्रंप और उनके परिवार के खिलाफ लगाए गए पोस्टर ने कई विवाद खड़ा कर दिया है. राजधानी के फिलिस्तीन स्क्वायर में इस पोस्टर को लगाया गया है.
लगाए गए होर्डिंग में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप और उनके बच्चों को अमेरिकी झंडे से ढके ताबूतों के ऊपर खड़ा दिखाया गया है. होर्डिंग पर बड़े अक्षरों में 'खून का बदला खून' लिखा गया है, जिसे अमेरिका के खिलाफ कड़ा संदेश माना जा रहा है.
अंतरराष्ट्रीय मामलों के जानकारों का मानना है कि किसी अमेरिकी राष्ट्रपति और उनके पूरे परिवार को इस तरह सीधे निशाना बनाना ईरान की ओर से अब तक का सबसे तीखा और आक्रामक संदेश माना जा सकता है. उनका कहना है कि इस तरह के सार्वजनिक प्रदर्शन दोनों देशों के बीच पहले से मौजूद तनाव को और बढ़ा सकते हैं. फिलिस्तीन स्क्वायर का यह होर्डिंग अकेला नहीं है. हाल के दिनों में तेहरान के विभिन्न हिस्सों में अमेरिका विरोधी कई पोस्टर और भित्तिचित्र लगाए गए हैं.
एक पोस्टर में डोनाल्ड ट्रंप को खुले काले ताबूत में लेटा हुआ दिखाया गया है, जिस पर अंग्रेजी और फारसी भाषा में 'हम ट्रंप को मार डालेंगे' लिखा गया है. इसी पोस्टर के निचले हिस्से में 'मिनाब के बच्चों की याद में' भी लिखा गया है. यह उस ईरानी शहर का संदर्भ माना जा रहा है, जहां अमेरिकी हमले के दौरान एक प्राथमिक विद्यालय प्रभावित हुआ था और कई बच्चों की मौत हुई थी. इसके अलावा कुछ अन्य पोस्टरों में ट्रंप के चेहरे को निशाने के चिह्न के भीतर दर्शाया गया है. वहीं, हाल ही में दिवंगत हुए अमेरिकी रिपब्लिकन नेता लिंडसे ग्राहम के नाम के नीचे 'अगला कौन?' जैसा संदेश भी लिखा गया है.
डोनाल्ड ट्रंप पहले कह चुके हैं कि यदि उनकी हत्या की किसी भी साजिश में ईरान की भूमिका सामने आती है तो अमेरिका की प्रतिक्रिया 'बेहद विनाशकारी' होगी. दूसरी ओर, अली खामेनेई की मौत के बाद ईरान के कई नेताओं और सरकारी समर्थक मीडिया ने लगातार बदले की बात कही है. उनके उत्तराधिकारी आयतुल्ला मोजतबा खामेनेई ने भी चेतावनी दी थी कि जिम्मेदार लोग 'अपने बिस्तर पर भी शांतिपूर्वक नहीं मरेंगे.' हालांकि, फिलहाल इस विवादित होर्डिंग को लेकर ईरानी सरकार की ओर से कोई बयान जारी नहीं किया गया है. वहीं, अमेरिका की तरफ से भी इस पर तत्काल कोई औपचारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.