नई दिल्ली: कांगो से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां शुक्रवार को एक विमान हादसे में कम से कम 14 लोगों की जान चली गई. इनमें दो वरिष्ठ सैन्य अधिकारी भी शामिल हैं. सेना के मुताबिक, विमान दक्षिण-पश्चिमी शहर किक्विट से राजधानी किंशासा लौट रहा था, तभी उसमें तकनीकी खराबी आ गई और वह केंगे इलाके में जा गिरा. विमान में सवार सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.
इस हादसे में जान गंवाने वाले दो वरिष्ठ अधिकारियों में सैन्य अदालत के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल मुटोम्बो कातालाई तिएंदे और सशस्त्र बलों के महालेखा परीक्षक लेफ्टिनेंट जनरल बाकुमी लिकुलिया शामिल हैं. इन दोनों बड़े अधिकारियों की मौत ने कांगो की सेना में शोक की लहर दौड़ा दी है. दोनों अपने-अपने क्षेत्र में अहम जिम्मेदारियां संभाल रहे थे.
DR Congo🇨🇩: Plane crash in Kenge, Kwango province #RDC #KWANGO #avion pic.twitter.com/5aYI86rqbz
— marknehpets (@mapkpets) September 25, 2026
कांगो की सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल एफोमी एकेंगे ने एक बयान जारी कर बताया कि दोनों जनरल अधिकारियों के अलावा प्रतिनिधिमंडल के बारह सदस्य और चालक दल के सदस्य भी इस हादसे में मारे गए हैं. उन्होंने साफ किया कि हादसे में किसी के भी बचने की कोई संभावना नहीं थी, और यह पूरी घटना बेहद दुखद है.
OVER DOZEN DEAD after PLANE CRASH in DR CONGO
— RT (@RT_com) September 25, 2026
AMONG 14 KILLED: Head of military court, and auditor general of armed forces
FIERY WRECKAGE and DEBRIS strewn ACROSS CRASH SITE pic.twitter.com/Hw36wJhoG0
हादसे की वजह पता लगाने के लिए तुरंत जांच शुरू कर दी गई है. नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के बोर्ड चेयरमैन ट्राइफॉन किन-कीए मुलुम्बा ने कहा है कि फिलहाल क्रैश की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है. स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक विमान में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुख्ता वजह जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी.
यह हादसा ऐसे समय हुआ है जब कांगो की सेना पहले से ही पूर्वी इलाके में कई विद्रोही गुटों से जूझ रही है. इनमें रवांडा समर्थित एम23 विद्रोही गुट भी शामिल है, जिसने पिछले साल से हमलों की झड़ी लगाकर कई अहम शहरों पर कब्जा कर लिया था. ऐसे नाजुक हालात में दो वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों की मौत सेना के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है.