China News: चीन की एक कंपनी ने महिला कर्मचारियों के लिए अजब फरमान जारी किया है. कंपनी के मुखिया यानी सीईओ लुओ ने महिला कर्मचारियों से कहा कि वे ऑफिस मेकअप करके आएं जिससे पुरुष कलीग्स प्रेरित हो सकें. इस खबर के वायरल होने के बाद चीनी अधिकारियों ने मामले की जांच आरंभ कर दी है. ऑफिसर ने कहा कि यदि सीईओ दोषी पाए जाते हैं तो उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
चीनी सोशल मीडिया वीचैट पर शेयर किए गए निर्देश में महिला कर्मचारियों को पुरुष सहकर्मियों की चाय पार्टी में शामिल होने का आदेश दिया गया था. इस पार्टी के लिए महिलाओं को सजधज कर आने के लिए कहा गया था. जब कंपनी की महिला कर्मचारियों ने इस फरमान पर कोई खासा ध्यान नहीं दिया तो सीईओ लुओ ने इससे नाराज होते हुए परफॉर्मेंस बोनस में कटौती की धमकी दे दी. इससे कंपनी की महिला कर्मचारियों में डर पैदा हो गया. महिलाओं ने यह बात अपने परिवार के सदस्यों को बताई.
इस घटना की जानकारी ऑनलाइन होने के बाद कंपनी के सीईओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठने लगी. लुओ ने हालांकि इस तरह के किसी भी संदेश से इंकार किया है.लुओ ने इसे मजाक बताया. उन्होंने कहा कि उनकी इस बात का गलत मलतब निकाला गया. उन्होंने एक समय के बाद अपने उस आदेश को भी हटा लिया. उनके इस मैसेज को हटाने से पहले तक पूरे चीन में उनके खिलाफ एक्शन लेने की मांग तेज हो गई.
कंपनी के सीईओ लुओ ने अपनी सफाई में इसे वर्कप्लेस कल्चर कहा है.उन्होंने कहा कि यह मैसेज कर्मचारियों के बीच कभी-कभी होने वाले मजाक का हिस्सा था. उन्होंने स्वीकार किया कि पुरुष कर्मचारियों की संख्या ज्यादा होने के कराण कंपनी अक्सर महिला कर्मचारियों की जरूरतों को नजरअंदाज करती है, लेकिन महिलाओं को कई दूसरी स्कीमों के जरिए लाभ भी दिया जाता है.