Israel Hamas war: गाजा में इजरायली कार्रवाई पर तुर्किये जमकर भड़का है. राष्ट्रपति रेसेप तैयब एर्दोगन ने गाजा में इजरायली डिफेंस फोर्स की कार्रवाई को अनुचित बताया. इस दौरान उन्होंने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की तुलना नाजी शासक एडोल्फ हिटलर से की. एर्दोगन ने कहा कि बेंजामिन हिटलर से अलग नहीं हैं.
तुर्किये के राष्ट्रपति ने गाजा में इजरायली हमलों की तुलना नाजियों द्वारा यहूदियों पर किये गए अत्याचार से की. उन्होंने कहा कि इजरायल का समर्थन करने वाले पश्चिम राष्ट्र भी इस युद्ध अपराधों में शामिल थे. नाटो मेंबर ने गाजा में इजरायल के हमलों की कड़ी निंदा की. उन्होंने मांग की इजरायली नेताओं पर अंतर्राष्ट्रीय अदालतों में मुकदमा चलाया जाना चाहिए.
एर्दोगन ने बेंजामिन पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह हिटलर से भी ज्यादा अमीर हैं. उन्हें वेस्ट का समर्थन हासिल है. इस समर्थन से उन्होंने क्या किया? उन्होंने 20000 फिलिस्तीनियों को मौत के घाट उतार डाला.
इजरायली प्रधानमंत्री ने एर्दोगन के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि कुर्दों के खिलाफ नरसंहार में शामिल एर्दोगन के हाथ खून से सने हुए हैं. पत्रकारों को जेल पहुंचाने में उन्हें विश्व रिकार्ड हासिल है. सात अक्टूबर को इजरायल पर हमास के हमले के बाद दोनों देशों के बीच व्यापार में गिरावट दर्ज की गई है.