menu-icon
India Daily

700 किलो की 'डोनाल्ड ट्रंप भैंस' का बांग्लादेश में जलवा! ईद से ठीक पहले सरकार ने कर किया चिड़ियाघर में शिफ्ट

करीब 700 किलो वजन वाली भैंस की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही है. लोगों ने मजाक में इसे 'डोनाल्ड ट्रंप भैंस' कहना शुरू कर दिया है. अब बांग्लादेश सरकार ने इसे ईद से ठीक पहले रेस्क्यू कर राष्ट्रीय चिड़ियाघर पहुंचा दिया है.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
700 किलो की 'डोनाल्ड ट्रंप भैंस' का बांग्लादेश में जलवा! ईद से ठीक पहले सरकार ने कर किया चिड़ियाघर में शिफ्ट
Courtesy: Pinterest & X (@FearedBuck)

नई दिल्ली: बांग्लादेश में एक अनोखी भैंस इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का बड़ा विषय बनी हुई है. वजह है उसकी शक्ल, जिसे लोग अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से जोड़कर देख रहे हैं. माथे पर सफेद निशान और सिर पर अलग तरह के बालों की वजह से यह भैंस इंटरनेट पर इतनी वायरल हो गई कि आखिरकार उसे ईद की कुर्बानी से बचाकर राष्ट्रीय चिड़ियाघर भेज दिया गया.

करीब 700 किलो वजन वाली इस भैंस की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गए. लोगों ने मजाकिया अंदाज में इसे 'डोनाल्ड ट्रंप भैंस' कहना शुरू कर दिया. बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए बांग्लादेश सरकार ने हस्तक्षेप किया और जानवर को खरीदकर ढाका के राष्ट्रीय चिड़ियाघर में सुरक्षित रख दिया गया.

सोशल मीडिया पर रातोंरात हुई मशहूर

ईद-उल-अधा से पहले इस भैंस की तस्वीरें फेसबुक और दूसरे प्लेटफॉर्म पर वायरल होने लगीं. उसके माथे का सफेद धब्बा और बालों की स्टाइल लोगों को डोनाल्ड ट्रंप की याद दिला रही थी. देखते ही देखते लाखों लोग इस जानवर के वीडियो देखने लगे और यह चर्चा का विषय बन गई.

भैंस के मालिक जिया उद्दीन मृधा ने बताया कि उनके छोटे भाई ने मजाक में इसका नाम ट्रंप रख दिया था. बाद में यही नाम सोशल मीडिया पर मशहूर हो गया.

सुरक्षा कारणों से लिया गया बड़ा फैसला

शुरुआत में इस भैंस को बेच दिया गया था और इसकी कुर्बानी की तैयारी भी थी. लेकिन लोगों की बढ़ती दिलचस्पी और सुरक्षा को देखते हुए अधिकारियों ने आखिरी समय में फैसला बदल दिया. सरकार ने इसे अपने कब्जे में लेकर चिड़ियाघर भेज दिया, जहां अब लोग इसे सुरक्षित तरीके से देख सकेंगे.

चिड़ियाघर प्रशासन का कहना है कि यह जानवर अब वहां आने वाले लोगों के आकर्षण का बड़ा केंद्र बन चुका है. इसके लिए खास बाड़ा भी तैयार किया गया है.

शांत स्वभाव की है यह दुर्लभ भैंस

मालिक के अनुसार, यह एल्बिनो नस्ल की दुर्लभ भैंस है, जो आमतौर पर शांत स्वभाव की होती है. इसे मक्का, सोयाबीन और चोकर का पौष्टिक आहार दिया जाता था, जिसकी वजह से इसका शरीर काफी मजबूत और स्वस्थ बना रहा.