ईरानी अधिकारियों के मुताबिक, होर्मुज के पास केशम द्वीप के नजदीक रविवार सुबह एक वाणिज्यिक जहाज पर हमला हुआ. केशम शहर के गवर्नर अमीर तैमूरी ने बताया कि स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 5 बजे हेंगाम और केशम द्वीपों के तट के पास यह घटना हुई.
हमले में एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि तीन अन्य घायल बताए गए हैं. हालांकि, ईरानी अधिकारियों ने फिलहाल हमले के लिए किसी पक्ष को जिम्मेदार नहीं ठहराया है. इसी बीच यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस यानी UKMTO ने भी बताया कि जलडमरूमध्य से गुजर रहे एक जहाज पर किसी चीज से हमला हुआ.
हमले से पहले केशम द्वीप के आसपास रातभर कई धमाकों की आवाज सुनाई देने की खबरें सामने आई थीं. केशम होर्मुज जलडमरूमध्य का सबसे बड़ा द्वीप है और इस क्षेत्र का रणनीतिक महत्व काफी अधिक है. यह घटना ऐसे वक्त हुई है जब ईरान और खाड़ी देशों के बीच जलडमरूमध्य के भविष्य को लेकर बातचीत होने वाली है. ओमान की मध्यस्थता में होने वाली बातचीत में इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग से जहाजों की आवाजाही और सुरक्षा जैसे मुद्दे अहम रहने की उम्मीद है.
होर्मुज जलडमरूमध्य पिछले छह महीनों से ईरान और अमेरिका के बीच संघर्ष का प्रमुख केंद्र बना हुआ है. 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल की ओर से ईरान के खिलाफ हमले शुरू होने के बाद तेहरान ने इस समुद्री रास्ते पर नियंत्रण कड़ा कर दिया. ईरान सुरक्षा और संप्रभुता का हवाला देते हुए जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों के लिए अनुमति व्यवस्था और सेवा शुल्क लगाने की संभावना पर भी विचार कर रहा है.
इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान के साथ संघर्ष जल्द समाप्त होने की उम्मीद जताई है. आयरलैंड यात्रा के दौरान उन्होंने कहा कि युद्ध बहुत जल्द खत्म हो सकता है और संकेत दिया कि नवंबर में होने वाले मध्यावधि चुनावों के बाद स्थिति बदल सकती है.
ट्रंप ने यह भी दावा किया कि मध्य पूर्व में संघर्ष खत्म होने के बाद तेल की कीमतों में तेज गिरावट आ सकती है. इससे पहले 10 सितंबर को भी उन्होंने ईरान के साथ युद्ध के चुनाव के बाद समाप्त होने की संभावना जताई थी. हालांकि, होर्मुज के पास ताजा हमले से क्षेत्र में तनाव कम होने के बजाय और बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं.