menu-icon
India Daily

मियामी एयरपोर्ट पर अमेजन का कार्गो विमान रनवे से फिसला, 5 की मौत; कई लोग घायल

अमेरिका के मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अमेजन का कार्गो विमान रनवे से फिसलकर गाड़ियों से टकरा गया और उसमें आग लग गई. हादसे में 5 लोगों की मौत हुई, जबकि कई लोग घायल हैं.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
मियामी एयरपोर्ट पर अमेजन का कार्गो विमान रनवे से फिसला, 5 की मौत; कई लोग घायल
Courtesy: X SG

अमेरिका के मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार को बड़ा विमान हादसा हुआ. अमेजन का एक कार्गो विमान रनवे से आगे निकलकर गाड़ियों से जा टकराया. टक्कर के बाद विमान में आग लग गई और घटनास्थल पर घना काला धुआं उठने लगा. 

हादसे में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. दो अन्य लोगों को मामूली चोटों के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया.

रनवे से आगे निकलकर गाड़ियों से टकराया विमान

अधिकारियों के अनुसार विमान सैन जुआन, प्यूर्टो रिको से मियामी पहुंचा था. दोपहर करीब दो बजे यह रनवे से आगे निकल गया और एयरपोर्ट के आसपास मौजूद वाहनों से टकरा गया. हादसे के बाद राहत और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचा. हालांकि अधिकारियों ने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि जान गंवाने वाले लोग विमान में सवार थे या उन गाड़ियों में मौजूद थे, जिनसे विमान टकराया था. हादसे की जांच के बाद ही मृतकों की स्थिति और दुर्घटना के कारणों की पूरी जानकारी सामने आएगी.

कॉकपिट में फंसे पायलट और को-पायलट

मियामी-डेड रेस्क्यू फायर चीफ रे जदाल्लाह ने बताया कि दुर्घटना के बाद विमान से घना काला धुआं उठने लगा. पायलट और को-पायलट कॉकपिट में फंस गए थे. कुछ लोग कारों में भी फंसे हुए थे, जबकि एक व्यक्ति के वाहन के नीचे दबे होने की जानकारी मिली. दमकल की टीमें कई घंटे तक मौके पर जुटी रहीं. विमान से ईंधन का रिसाव हो रहा था, जिसे रोकने के लिए बचाव दल ने काफी देर तक काम किया.

हादसे के बाद मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए उड़ान संचालन रोक दिया गया. फ्लाइट से जुड़ी जानकारी रखने वाली सेवा के अनुसार रविवार देर दोपहर तक करीब 250 उड़ानें देरी से चलीं. हादसे के कारण एयरपोर्ट की सामान्य गतिविधियां प्रभावित हुईं और यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा.

32 साल पुराना था बोइंग 767

हादसे का शिकार हुआ विमान बोइंग 767 था. उड़ान से जुड़ी जानकारी के अनुसार यह विमान करीब 32 साल पुराना था. इसे मूल रूप से यात्रियों के लिए तैयार किया गया था और बाद में वर्ष 2015 में कार्गो विमान में बदल दिया गया. इस उड़ान का संचालन उत्तरी कैरोलिना स्थित कार्गो कंपनी 21 एयर कर रही थी.