menu-icon
India Daily

सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे के बाद MCD का बड़ा एक्शन, 4 मंजिल से ऊंची अवैध इमारतें होंगी सील

दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन घटना के बाद MCD ने दिल्ली में चार मंजिल से ऊंची सभी अवैध इमारतों को तुरंत सील करने का आदेश दिया है.

Shilpa Shrivastava
सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे के बाद MCD का बड़ा एक्शन, 4 मंजिल से ऊंची अवैध इमारतें होंगी सील
Courtesy: AI Generated

नई दिल्ली: दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन के पास बहुमंजिला इमारत गिरने के बाद दिल्ली नगर निगम (MCD) ने बड़ा कदम उठाया है. हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है. घटना के बाद MCD ने दिल्ली में चार मंजिल से ऊंची सभी अवैध इमारतों को तुरंत सील करने का आदेश दिया है. दिल्ली के मेयर परवेश वाही ने कहा कि अवैध इमारतों के निर्माण को रोकने में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होगी.

दोषी अधिकारियों पर होगी कड़ी कार्रवाई:

मेयर ने कहा कि अगर जांच में कोई अधिकारी अवैध निर्माण की अनुमति देने या उसे रोकने में लापरवाही का दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने यहां तक कहा कि गंभीर लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों को नौकरी से हटाने जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है. उन्होंने साफ कहा कि सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे के लिए जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आदेशों को तुरंत लागू किया जाएगा.

हादसे में 6 लोगों की मौत:

सत्य निकेतन में यह हादसा रविवार को हुआ था. दिल्ली फायर डिपार्टमेंट को दोपहर करीब 1:30 बजे इमारत गिरने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और बचाव दल मौके पर पहुंच गए और मलबे में फंसे लोगों की तलाश शुरू की. पुलिस के मुताबिक, हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 10 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है. इस मामले में दिल्ली पुलिस ने कथित इमारत मालिक हरिराम और अन्य लोगों के खिलाफ FIR भी दर्ज की है.

MCD मुख्यालय के बाहर ABVP का प्रदर्शन:

हादसे के बाद छात्रों की सुरक्षा को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने सिविक सेंटर स्थित MCD मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि छात्रों की संख्या वाले इलाकों में कई PG में सुरक्षा नियमों का सही तरीके से पालन नहीं किया जा रहा है. उन्होंने MCD पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की.

अवैध इमारतों पर अब बढ़ेगी सख्ती:

सत्य निकेतन हादसे के बाद दिल्ली में अवैध निर्माण और PG की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. MCD के नए आदेश के बाद अब चार मंजिल से ऊंची अवैध इमारतों पर कार्रवाई तेज होने की उम्मीद है. प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह सुनिश्चित करना होगी कि अवैध निर्माण पर समय रहते कार्रवाई हो और भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके.