पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी को जान से मारने की धमकी मिली है. दी डेली इंकलाब नामक फेसबुक पेज पर प्रसारित एक वीडियो में एक मुस्लिम व्यक्ति पश्चिम बंगाल सीएम सुवेंदु के खिलाफ हिंसक और बेहद आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग कर रहा है. इस फेसबुक पेज पर मौजूद दी डेली इंकलाब नाम के साथ बांग्लादेश का झंडा लगा है, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि यह वीडियो बांग्लादेश का है लेकिन वह शख्स हिंदी में बोल रहा है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
वायरल वीडियो में आरोपित व्यक्ति मुख्यमंत्री को सीमा पर ही दफनाने और उन पर शारीरिक हमला करने की धमकी दे रहा है. हालांकि अभी तक स्थानीय प्रशासन ने अभी तक इस वीडियो की सच्चाई की पुष्टि नहीं की है. सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हाल ही में हुई हत्या के बाद इस तरह की धमकियों को बेहद संवेदनशील माना जा रहा है. बता दें कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत के बाद उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.
चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद सुवेंदु अधिकारी की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. राज्य सचिवाल ने स्पष्ट किया है कि सीएम की सुरक्षा में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी. सुवेंदु को पहले से ही केंद्र सरकार की ओर से जेड श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है. वहीं मुख्यमंत्री बनने के बाद राज्य पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों का एक संयुक्त दस्ता उनकी सुरक्षा में तैनात किया गया है.