चुनाव आयोग ने जैसे ही चार राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश के चुनाव की तारीखों का ऐलान किया, वैसे ही सियासी सरगर्मियां तेज हो गईं. इस बीच पश्चिम बंगाल और असम के लिए पहला ओपिनियन पोल सामने आ गया है. मैट्रीज-आईएएनएस ने यह सर्वे किया है, जिसमें दोनों राज्यों की तस्वीर साफ होने लगी है.
पश्चिम बंगाल में इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प होने वाला है. ओपिनियन पोल के मुताबिक, ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) एक बार फिर सबसे बड़ी पार्टी बन सकती है. अनुमान है कि टीएमसी को 155 से 170 सीटें मिल सकती हैं. वहीं भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) 100 से 115 सीटें जीत सकती है. बाकी छोटे दलों को 5 से 7 सीटें मिलने का अनुमान है.
वोट प्रतिशत की बात करें तो टीएमसी को 43 से 45 फीसदी वोट मिलने की उम्मीद है, जबकि बीजेपी को 41 से 43 फीसदी वोट मिल सकते हैं. यानी मतों का अंतर बहुत ज्यादा नहीं है, लेकिन सीटों में टीएमसी साफ बढ़त पर नजर आ रही है. बता दें कि बंगाल में 294 सीटें हैं और यहां दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को वोटिंग होगी.
असम की तस्वीर बंगाल से थोड़ी अलग है. यहां बीजेपी के नेतृत्व वाले गठबंधन (एनडीए) को एक बार फिर सरकार बनाते हुए देखा जा रहा है. ओपिनियन पोल के मुताबिक, एनडीए को 96 से 98 सीटें मिल सकती हैं. वहीं कांग्रेस के नेतृत्व वाला गठबंधन 26 से 28 सीटों पर सिमट सकता है. अन्य दलों को 2 से 8 सीटें मिलने का अनुमान है.
वोटों की बात करें तो एनडीए को 43 से 44 फीसदी वोट मिल सकते हैं, जबकि कांग्रेस गठबंधन 39 से 40 फीसदी वोट हासिल कर सकता है. असम में 126 सीटों के लिए 9 अप्रैल को एक ही चरण में वोटिंग होगी.