नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है और लगातार हो रही बारिश के कारण कई राज्यों में जनजीवन प्रभावित हो रहा है. इसी बीच भारत मौसम विभाग ने 12 जुलाई के लिए बड़ा मौसम अपडेट जारी करते हुए अगले 10 घंटे के भीतर 15 राज्यों में तेज बारिश, आंधी और तेज हवाओं की चेतावनी दी है. विभाग के अनुसार कुछ क्षेत्रों में हवा की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है.
मौसम विभाग ने बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, असम और त्रिपुरा में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. इन राज्यों में कई स्थानों पर गरज चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है.
दिल्ली एनसीआर में 12 से 14 जुलाई के बीच हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं. हालांकि भारी बारिश की संभावना कम है. इसके बावजूद तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ेगा. अगले दो दिनों तक भी मौसम में बहुत बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा.
उत्तर प्रदेश में रायबरेली, हरदोई, सुल्तानपुर, मिर्जापुर, बाराबंकी, बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, बलरामपुर, बहराइच, कानपुर, अलीगढ़, मथुरा, मेरठ और आगरा समेत कई जिलों में तेज बारिश और 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है. लखनऊ में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
बिहार में पटना सहित खगड़िया, किशनगंज, अररिया, कटिहार, पूर्णिया, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सिवान, भोजपुर, नवादा, रोहतास, अरवल, लखीसराय और नालंदा में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. यहां 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
उत्तराखंड में 12 से 14 जुलाई के बीच कई जिलों में भारी बारिश, बिजली गिरने और भूस्खलन की आशंका जताई गई है. वहीं हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर, बिलासपुर और सोलन में भी तेज बारिश और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
पश्चिम बंगाल में अगले चार से पांच दिनों तक दक्षिण बंगाल और कोलकाता सहित कई जिलों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है. वहीं तमिलनाडु के पश्चिमी घाट से जुड़े इलाकों और चेन्नई में भी गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान जारी किया गया है.