तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले से सामने आई एक वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. पुलिस के अनुसार POCSO मामले में जमानत पर बाहर चल रहे एक आरोपी ने पहले उस नाबालिग लड़की और उसके परिवार को निशाना बनाया, जिसने उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. इसके बाद आरोपी अपने घर पहुंचा और अपनी पत्नी व दो छोटे बच्चों की भी हत्या कर दी. घटना के बाद से आरोपी फरार है और उसकी तलाश जारी है.
पुलिस के मुताबिक आरोपी शुक्रवार रात शबद इलाके में पहुंचा और नाबालिग लड़की के घर में घुस गया. वहां उसने सबसे पहले लड़की की मां पर चाकू से हमला किया. इसके बाद घर के अंदर मौजूद उसकी नानी की भी हत्या कर दी. घर में मौजूद मानसिक रूप से कमजोर युवती को उसने कोई नुकसान नहीं पहुंचाया.
घर में दो लोगों की हत्या करने के बाद आरोपी नाबालिग लड़की को जबरन अपने साथ ले गया. पुलिस के अनुसार वह उसे अपने गांव के पास स्थित एक झील के किनारे ले गया, जहां चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी. वारदात के बाद शव को वहीं छोड़कर वह आगे बढ़ गया.
जांच में सामने आया कि लड़की की हत्या के बाद आरोपी अपने घर पहुंचा. वहां उसने कुछ ही मिनटों के भीतर अपनी पत्नी और चार साल और अठारह महीने के दो बेटों की हत्या कर दी. इस तरह एक ही रात में छह लोगों की मौत से पूरे इलाके में दहशत फैल गई.
घटना के बाद आरोपी ने अपने पिता को फोन कर बताया कि उसने दोनों परिवारों को खत्म कर दिया है और अब आत्महत्या करने जा रहा है. बेटे की बात सुनते ही परिजनों ने पुलिस को सूचना दी. इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
पुलिस ने सभी छह शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. आरोपी अपनी कार लेकर फरार हो गया. उसकी गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें अलग-अलग इलाकों में तलाश कर रही हैं. अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास जारी है.