गुजरात के सूरत शहर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक युवती द्वारा बातचीत बंद कर देने और रिश्ता खत्म करने से नाराज युवक ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर युवती के पिता का ही अपहरण कर लिया. आरोपी शहर के बड़े बिल्डर मुकेश नाहटा का बेटा ऋषभ नाहटा है. घटना 1 अक्टूबर की है, जब आरोपी अपने दोस्तों के साथ युवती के घर पहुंचा था. घर पर युवती मौजूद नहीं थी, जिसके बाद आरोपी की युवती के पिता के साथ बहस हो गई.
बहस बढ़ने पर आरोपी ऋषभ नाहटा ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर बिजनेसमैन पिता को बंदूक की नोक पर अगवा कर लिया और उन्हें अपने साथ ले गए. परिजनों की सूचना के तुरंत बाद सूरत पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू की. आधुनिक तकनीक और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने महज कुछ ही घंटों के भीतर आरोपियों की लोकेशन सूरत के पॉश 'सिटी लाइट' इलाके में ट्रेस कर ली.
सूरत पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सिटी लाइट इलाके में छापेमारी की और अपहृत व्यापारी को सकुशल मुक्त करा लिया. मौके से पुलिस ने मुख्य आरोपी ऋषभ नाहटा के साथ-साथ उसके दो अन्य साथियों अडाजन निवासी देव केतन अहीर और उमरागाम निवासी लक्ष्मण राठौड़ को भी गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों के पास से लगभग 41.40 लाख मूल्य की कीमती वस्तुएं और अपराध में इस्तेमाल की गई पिस्टल बरामद की गई है.
पुलिस पूछताछ में आरोपी ऋषभ ने दावा किया कि युवती ने उसकी एक अन्य महिला मित्र को फोन पर गाली दी थी, जिसकी स्पष्टीकरण मांगने वह उसके घर गया था. वहीं पुलिस जांच में सामने आया कि ऋषभ और युवती पहले रिलेशनशिप में थे, लेकिन बाद में युवती ने उससे दूरी बना ली थी. आरोपी के साथी देव केतन अहीर के पास हथियार था और लक्ष्मण बिल्डर के दफ्तर में काम करता है. पुलिस के अनुसार दोनों सहयोगियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है.