menu-icon
India Daily

गुजरात में भीषण सड़क हादसा, एक ही टक्कर में 7 की मौत; 3 मासूम भी शामिल

Kutch Road Accident: गुजरात के कच्छ जिले में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं.  भुज-खावड़ा हाईवे पर वेकरिया रण के पास कार और तेज रफ्तार ट्रेलर की जोरदार टक्कर हो गई.

Shilpa Shrivastava
गुजरात में भीषण सड़क हादसा, एक ही टक्कर में 7 की मौत; 3 मासूम भी शामिल
Courtesy: India Daily 24x7

Kutch Road Accident: गुजरात के कच्छ जिले में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं.  भुज-खावड़ा हाईवे पर वेकरिया रण के पास कार और तेज रफ्तार ट्रेलर की जोरदार टक्कर हो गई.  इस दर्दनाक हादसे में कार सवार सभी 7 लोगों की मौत हो गई.  मृतकों में 3 छोटे बच्चे, 2 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं.  बताया जा रहा है कि सभी लोग घूमने आए पर्यटक थे और खावड़ा से वापस लौट रहे थे. 

टक्कर इतनी जोरदार कि कार के उड़े परखच्चे:

जानकारी के मुताबिक, पर्यटकों की कार तेज रफ्तार में थी.  इसी दौरान कार एक ट्रेलर से टकरा गई.  टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला.  हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. घटना की सूचना मिलते ही धोरडो पुलिस मौके पर पहुंची.  पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया.  काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक सभी की मौत हो चुकी थी. 

ओवरटेक बना हादसे की वजह?

पुलिस की शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और गलत तरीके से ओवरटेक करने की आशंका जताई जा रही है.  बताया जा रहा है कि कार चालक आगे चल रहे वाहन को पार करने की कोशिश कर रहा था, तभी सामने से आ रहे ट्रेलर से टक्कर हो गई.  हालांकि, हादसे की असली वजह जानने के लिए पुलिस विस्तृत जांच कर रही है. 

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पहुंचे घटनास्थल:

हादसे की जानकारी मिलने के बाद पश्चिम कच्छ के एसपी विकास सुंडा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे.  सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है.  पुलिस मृतकों के परिजनों से संपर्क कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.