Shivaji Park Protest: मुंबई के शिवाजी पार्क में 2 अक्टूबर को हुए प्रदर्शन को लेकर पुलिस ने अभिजीत दिपके समेत करीब 500 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है. यह कार्रवाई बिना अनुमति प्रदर्शन और बड़ी संख्या में लोगों के एकत्र होने को लेकर की गई है. पुलिस के अनुसार प्रदर्शन के लिए अनुमति नहीं ली गई थी, इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग शिवाजी पार्क में पहुंचे और विरोध-प्रदर्शन किया.
पुलिस के मुताबिक प्रदर्शन शाम करीब 4 बजे से 7 बजे तक चला. इस दौरान सार्वजनिक सभा, नारेबाजी और लाउडस्पीकर के इस्तेमाल से जुड़े आरोपों की जांच की जा रही है. FIR में CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके का नाम भी शामिल बताया गया है. अन्य आरोपियों की पहचान और भूमिका की पुष्टि की प्रक्रिया जारी है.
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता यानी BNS की धारा 189(2) और 223 के साथ महाराष्ट्र पुलिस एक्ट की धारा 37(1), 37(3) और 135 के तहत केस दर्ज किया है. पुलिस के अनुसार मामला राज्य की ओर से की गई शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है.
यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब प्रदर्शन से पहले ही मुंबई पुलिस ने CJP को शिवाजी पार्क में कार्यक्रम की अनुमति देने से इनकार किया था. पुलिस ने शिवाजी पार्क के इस्तेमाल, इलाके की स्थिति और संभावित ट्रैफिक तथा शोर से जुड़ी चिंताओं का हवाला दिया था.
CJP ने 2 अक्टूबर को शिवाजी पार्क में प्रदर्शन का ऐलान किया था. पार्टी की ओर से यह आंदोलन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर किया गया था. अनुमति नहीं मिलने के बावजूद प्रदर्शन आयोजित किया गया और बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल हुए. प्रदर्शन में फिल्म जगत से जुड़े कुछ चर्चित चेहरे भी शामिल हुए. मीडिया रिपोर्टों के अनुसार नसीरुद्दीन शाह, शबाना आजमी और विशाल ददलानी समेत कई लोग शिवाजी पार्क पहुंचे थे.
FIR दर्ज होने के बाद पुलिस प्रदर्शन में शामिल लोगों की भूमिका की जांच करेगी. करीब 500 लोगों के खिलाफ दर्ज मामले में किन लोगों पर आगे क्या कार्रवाई होती है, यह जांच के दौरान सामने आएगा. फिलहाल FIR में लगाए गए आरोपों को अदालत में साबित किया जाना बाकी है.